Trending Series On Netflix: फिल्मों की दुनिया में अक्सर ऐसा होता है कि कुछ मूवी बड़े पर्दे पर लोगों का दिल नहीं जीत पातीं. कई बार अच्छी कहानी और बेहतरीन कलाकार होने के बावजूद फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हो जाती हैं. लेकिन समय बदलने के साथ वही फिल्में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नई जिंदगी पा लेती हैं. आज हम एक ऐसी ही फिल्म के बारे में बात कर रहे हैं, जिसे सिनेमाघरों में खास रिस्पॉन्स नहीं मिला, लेकिन अब ये ओटीटी पर खूब पसंद की जा रही है.
हम जिस फिल्म की चर्चा कर रहे हैं, उसका नाम ‘दो दीवाने शहर में’ है. ये फिल्म 17 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई और रिलीज होते ही टॉप 10 में ट्रेंड करने लगी. हालांकि, जब ये फिल्म थिएटर में आई थी, तब इसे लोगों का ज्यादा प्यार नहीं मिला था. लेकिन ओटीटी पर आते ही इसकी किस्मत बदल गई और अब लोग इसे काफी पसंद कर रहे हैं.
कहानी जो दिल को छू जाए
इस फिल्म की कहानी मुंबई शहर की तेज रफ्तार जिंदगी के बीच खिलने वाली एक खूबसूरत प्रेम कहानी है. इसमें शशांक और रोशनी नाम के दो किरदारों की जिंदगी को दिखाया गया है. भीड़-भाड़ के बीच इन दोनों का रिश्ता कैसे आगे बढ़ता है, यही फिल्म की मेन कहानी है.
फिल्म में शशांक का किरदार सिद्धांत चतुर्वेदी ने निभाया है, जबकि रोशनी के रोल में मृणाल ठाकुर नजर आती हैं. दोनों कलाकारों ने अपने किरदार को बहुत ही सहज और प्रभावशाली तरीके से निभाया है. उनकी केमिस्ट्री फिल्म की सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है.
बॉक्स ऑफिस और रेटिंग
अगर फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन की बात करें, तो ये ज्यादा सफल नहीं रही. रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने करीब 6.60 करोड़ रुपये की कमाई की थी. वहीं, आईएमडीबी पर इसे 6.6 की रेटिंग मिली है, जो एक औसत लेकिन ठीक-ठाक स्कोर माना जा सकता है.
‘दो दीवाने शहर में’ एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसकी कुल अवधि 2 घंटे 17 मिनट है. अगर आप वीकेंड पर कोई हल्की-फुल्की और दिल को छू जाने वाली फिल्म देखना चाहते हैं, तो ये आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है.