Evergreen Song: बॉलीवुड के कई गाने ऐसे हैं, जो रिलीज होते ही लोगों की जुबां पर चढ़ जाते हैं. वहीं कुछ गानों के पीछे की कहानी इतनी दिलचस्प होती है कि उसे जानने के बाद गाना सुनने का अंदाज ही बदल जाता है. शाहरुख खान की फिल्म ‘मैं हूं ना’ का मशहूर गाना ‘तुमसे मिलके दिल का जो हाल’ भी कुछ ऐसा ही है. इस गाने के बोल लिखने वाले मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने इसे तैयार करने में लंबा वक्त नहीं लिया था. म्यूजिक कंपोजर अनु मलिक के मुताबिक, जावेद अख्तर ने गाने के बोल महज 30 सेकंड में लिख दिए थे, वो भी गुस्से में.
अनु मलिक ने पॉडकास्ट में किया खुलासा
दरअसल, अनु मलिक ने नकाश अजीज के पॉडकास्ट में इस गाने से जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाया था. अनु मलिक ने बताया कि इस गाने के बनने के पीछे फिल्म की डायरेक्टर फराह खान का बड़ा हाथ था. फराह ने उनसे एक कव्वाली बनाने को कहा था. अनु मलिक के लिए यह आसान काम नहीं था लेकिन उन्होंने अपने अंदाज में धुन तैयार कर दी. इसके बाद जब जावेद अख्तर के सामने यह धुन सुनाई गई तो उनका रिएक्शन देखकर अनु मलिक भी हैरान रह गए.
जावेद अख्तर को पसंद नहीं आई थी धुन
अनु मलिक के मुताबिक, जावेद अख्तर को धुन पसंद नहीं आई और उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए पूछा कि यह क्या है. तभी फराह खान ने उन्हें बताया कि उन्हें इसी धुन पर गाने के बोल लिखने हैं. अनु मलिक ने बताया कि जावेद अख्तर ने गुस्से में ही गाने के बोल लिखना शुरू कर दिया और हैरानी की बात यह रही कि उन्होंने इसके लिए सिर्फ 30 सेकंड लिए. इतनी जल्दी लिखा गया यही गाना आगे चलकर ‘मैं हूं ना’ के सबसे यादगार गानों में शामिल हो गया.
फराह खान की बतौर डायरेक्टर पहली फिल्म
फिल्म ‘मैं हूं ना’ फराह खान की बतौर डायरेक्टर पहली फिल्म थी. इसमें शाहरुख खान, सुष्मिता सेन, जायेद खान, अमृता राव और सुनील शेट्टी जैसे सितारे नजर आए थे. फिल्म में एक्शन, रोमांस, कॉमेडी और देशभक्ति के साथ इसके गानों ने भी खूब लोकप्रियता हासिल की. अनु मलिक ने यह भी कहा कि कोई गाना सिर्फ बनकर रिलीज हो जाना काफी नहीं है. उनके मुताबिक, ऐसा गाना बनना चाहिए जो लोगों के दिल में लंबे समय तक रहे और इतिहास में दर्ज हो जाए. ‘तुमसे मिलके दिल का जो हाल’ की कहानी शायद इसी बात की मिसाल है.