Ghaziabad Crime: मां की मौत के बाद जिस 17 साल की किशोरी को पिता के साथ रहने की उम्मीद थी, उसी पिता ने उसके भरोसे को तार-तार कर दिया. घर की चारदीवारी में बेटी लंबे समय तक इस दर्द को सहती रही. आखिरकार उसने हिम्मत जुटाई और स्कूल की प्रिंसिपल को अपनी आपबीती सुनाई. अब इस मामले में सात साल बाद अदालत ने आरोपी पिता को उम्रकैद की सजा सुनाई है.
मामला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का है. पॉक्सो अदालत ने करीब 62 वर्षीय पिता को अपनी नाबालिग बेटी के साथ बार-बार दुष्कर्म करने का दोषी ठहराया है. अदालत ने उस पर पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. आरोपी पिछले सात साल चार महीने से अधिक समय से जेल में बंद है.
रास्ते में मां की हुई थी मौत
अदालत में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, जून 2019 में परिवार फैजाबाद से गाजियाबाद आ रहा था. इसी दौरान रास्ते में हार्ट अटैक आने से किशोरी की मां की मौत हो गई. मां के गुजर जाने के बाद 17 वर्षीय बेटी अपने पिता और छोटे भाई के साथ रहने लगी. उस वक्त वह दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा थी. आरोप है कि मां की मौत के बाद पिता ने बेटी के साथ कई बार दुष्कर्म किया. घर में कोई महिला सदस्य नहीं होने के कारण किशोरी अपनी परेशानी किसी से कह भी नहीं पा रही थी.
कागज पर लिखकर बयां किया दर्द
लगातार शोषण से परेशान किशोरी ने आखिरकार हिम्मत दिखाई और स्कूल की प्रिंसिपल को पूरी बात बता दी. प्रिंसिपल ने मामले को गंभीरता से लिया और चाइल्ड हेल्पलाइन को इसकी जानकारी दी. इसके बाद खोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. किशोरी ने पुलिस के सामने भी अपनी आपबीती कागज पर लिखकर बताई. पुलिस ने जांच के दौरान मेडिकल परीक्षण और डीएनए जांच कराई.
भाई ने बदला बयान
मुकदमे की सुनवाई के दौरान किशोरी अपने आरोपों पर कायम रही लेकिन उसका छोटा भाई पहले दिए गए बयान से मुकर गया. इसके बावजूद अदालत ने पीड़िता की गवाही को विश्वसनीय माना. अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश सौरभ गोयल की अदालत ने आरोपी को दोषी करार दिया. अदालत ने कहा कि पिता द्वारा अपनी ही बेटी के साथ ऐसा अपराध करना बेहद गंभीर है. बचाव पक्ष भी उसे झूठा फंसाए जाने का कोई ठोस कारण नहीं बता सका. इसके बाद दोषी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई.