Caught On CCTV: पुणे जिले के लोणी कालभोर स्थित प्रसिद्ध जगदंबा होटल में खाने के बिल को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गया. आरोप है कि होटल का बिल चुकाने के बाद हुए मामूली विवाद में लोणी कालभोर के पूर्व सरपंच राहुल कालभोर और उनके साथियों ने होटल मालिक, उनके परिवार के सदस्यों और कर्मचारियों के साथ मारपीट की. इस हमले में होटल मालिक राजेंद्र चौधरी घायल हो गए. आरोप है कि उनके चेहरे पर कांच का बर्तन फेंककर मारा गया. इस मामले में राहुल दत्तात्रय कालभोर समेत चार लोगों के खिलाफ लोणी कालभोर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है.
आखिर विवाद किस बात पर शुरू हुआ?
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 9 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे कदमवाकवस्ती स्थित एन्जेल हाई स्कूल के पास जगदंबा होटल में यह घटना हुई. होटल में खाना खाने आए रामचंद्र उर्फ रामभाऊ दत्तात्रय कालभोर ने खाना खाने के बाद ऑनलाइन बिल का भुगतान किया. इसके बाद उन्होंने पूछा कि बिल का भुगतान हुआ है या नहीं. होटल मालिक राजेंद्र चौधरी ने बताया कि बिल जमा हो चुका है. हालांकि, इसके बाद रामचंद्र ने गाली-गलौज शुरू कर दी.
लोणी काळभोर येथील जगदंबा हॉटेलमध्ये ऑनलाइन बिल भरल्यानंतर क्षुल्लक वादातून हाणामारी झाली. या प्रकरणी माजी सरपंचासह चौघांवर गुन्हा दाखल झाला आहे. #Pune #Punecrime #PunePolice #BreakingNews https://t.co/x84QdlJE1V
— Yash ksagar (@yashksagar86) November 11, 2026
बीच-बचाव करने आए बेटे के साथ भी मारपीट
आवाज सुनकर होटल मालिक का बेटा मयूर चौधरी वहां पहुंचा. उसने विवाद को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन रामचंद्र ने उसके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की. इसके बाद मयूर ने उन्हें होटल से बाहर निकाल दिया. कुछ ही देर बाद रामचंद्र के भाई और पूर्व सरपंच राहुल दत्तात्रय कालभोर, स्वप्निल कालभोर और विकास कालभोर होटल पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने राजेंद्र चौधरी और होटल के कर्मचारियों के साथ मारपीट की. इसी दौरान स्वप्निल कालभोर ने काउंटर पर रखा सौंफ का कांच का बर्तन उठाकर राजेंद्र चौधरी के चेहरे पर फेंककर मार दिया. इसके अलावा ग्राहक दीपक कुकरेजा और कर्मचारी मिराज उर्फ शमामुल अंसारी के साथ भी मारपीट की गई.
ये भी पढ़ें: Caught on Camera: मुंबई पुलिस क्वार्टर में ब्लास्ट से मचा हड़कंप, धमाकों के बाद भीषण आग; देखें वीडियो
पुलिस स्टेशन से लौटते समय दोबारा हमला
घटना की जानकारी देने के लिए मयूर चौधरी और उनके चचेरे भाई ओम चौधरी पुलिस स्टेशन गए थे. शिकायत दर्ज कराने के बाद जब वे होटल लौट रहे थे, तभी डोमिनोज पिज्जा के सामने आरोपियों ने उन्हें फिर से रोक लिया. शिकायत के अनुसार, चारों आरोपियों ने दोनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की. इस मामले में राहुल कालभोर, रामचंद्र कालभोर, स्वप्निल कालभोर और विकास कालभोर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. हालांकि, इस मामले की इंडिया न्यूज पुष्टि नहीं करता है.
Disclaimer: इंडिया न्यूज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है. वीडियो में दिखाई दे रहे दृश्य और उसमें किए जा रहे दावों की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. यह खबर सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर तैयार की गई है.