ममता कुलकर्णी, जो कभी बॉलीवुड की बोल्ड और पॉपुलर एक्ट्रेस हुआ करती थीं, भले ही आज फिल्मों से दूर हैं, लेकिन वे अक्सर सुर्खियों में बनी रहती है. साल 2025 के महाकुंभ के दौरान उन्होंने तब सभी को चौंका दिया था, जब उन्होंने ग्लैमर की दुनिया छोड़कर संन्यास लेने का फैसला किया. उन्हें किन्नर अखाड़े की ‘महामंडलेश्वर’ भी घोषित किया गया था. हालांकि, काफी विरोध के बाद उन्हें अपना यह पद छोड़ना पड़ा था. काफी समय तक भगवा कपड़ों में नजर आने के बाद, हाल के महीनों में उनका लुक एक बार फिर पूरी तरह बदल गया है. अब वे भगवा चोला छोड़कर मॉडर्न अंदाज में दिखाई दे रही हैं.
मॉडर्न लुक में नजर आईं ममता कुलकर्णी
हाल ही में ममता कुलकर्णी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ रील्स शेयर की हैं, जिनमें वे फिल्म करण अर्जुन के सुपरहिट गाने ‘भंगड़ा पाले’ पर डांस करती दिख रही हैं. यह वीडियो जयपुर में 25 सितंबर को हुए एक स्टूडेंट प्रोग्राम का है, जहां वे बतौर गेस्ट शामिल हुई थीं. वीडियो में वे जंपसूट पहने हुए अपने ही गानों पर पूरे जोश के साथ थिरकती नजर आ रही हैं.
फैंस हुए हैरान
ममता कुलकर्णी का यह नया रूप देखकर लोग हैरान हैं. कुछ ही महीनों पहले तक जो ममता हमेशा भगवा कपड़ों में संन्यासिन के रूप में दिखती थीं, उन्हें अचानक फिर से ग्लैमरस अवतार में देखकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘आप तो साध्वी बन गई थीं, क्या अब अपना फैसला बदल लिया?’ दूसरे यूजर ने लिखा, ‘कभी साध्वी बन जाती हैं तो कभी मॉडर्न कपड़ों में डांस करने लगती हैं, आखिर चल क्या रहा है?’ वहीं एक अन्य ने नाराजगी जताते हुए लिखा, ‘साध्वी बनने का फैसला क्या सिर्फ कुछ दिनों के लिए था? यह धर्म का मजाक है.’ दूसरी तरफ, उनके कई फैंस उन्हें फिर से अपने गानों पर थिरकते देखकर बहुत खुश हैं. उनका कहना है कि ममता आज भी अपने डांस स्टेप्स बिल्कुल नहीं भूली हैं.
‘लाफ्टर शेफ्स’ में भी आईं नजर
इससे पहले मार्च के महीने में ममता कुलकर्णी मशहूर कुकिंग रियलिटी शो ‘लाफ्टर शेफ्स’ में बतौर गेस्ट नजर आई थीं. उस वक्त वे ऑरेंज साड़ी पहनकर शो में पहुंची थीं. शो के दौरान उन्होंने कंटेस्टेंट्स के बनाए खाने का स्वाद चखा, उनके साथ खूब मस्ती की और अपने गानों पर डांस भी किया.
बार-बार अलग-अलग इवेंट्स और टीवी शो में ममता कुलकर्णी की मौजूदगी देखकर अब उनके फैंस और दर्शक यह सोचने लगे हैं कि क्या वे जल्द ही एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में वापसी करने जा रही हैं.