Nana Patekar Viral Video: बॉलीवुड एक्टर नाना पाटेकर इन दिनों अपनी किसी फिल्म को लेकर नहीं बल्कि एक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वो 76 की उम्र में जिम में वर्कआउट करते नजर आ रहे हैं.
इस वीडियो ने नाना के फैंस को चौंका दिया है और लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे. उम्र के इस पड़ाव पर भी उनकी ऊर्जा और फिटनेस देखकर लोग दंग रह गए.
जिम में ट्राइसेप डिप्स करते नजर आये नाना पाटेकर
हाल ही में फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर अतुल कस्बेकर ने अपने इंस्टाग्राम पर नाना पाटेकर का एक वीडियो शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया. इस वीडियो में नाना पाटेकर ट्राइसेप डिप्स करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में उन्हें टैन रंग की शॉर्ट्स, सफेद बनियान और गले में गमछा डाले हुए देखा जा सकता है. जिम के अंदर वो बिना किसी परेशानी के आराम से डिप्स करते हैं, जो दिखाती है कि 76 साल की उम्र में भी नाना पाटेकर अपनी फिटनेस को लेकर कितने एक्टिव हैं. सबसे चौंकाने वाली बात तो ये है कि एक्सरसाइज खत्म होने के बाद भी उनके चेहरे पर थकान नहीं दिख रही है.
अतुल ने कैप्शन में लिखा, ‘अहो नाना साहेब…!!! आपने तो मेरे फिटनेस गोल्स ही बदल दिए! ये हैं नाना पाटेकर जी. इनकी उम्र 76 साल है और ये आराम से बार्स पर ट्राइसेप डिप्स कर रहे हैं. इन्होंने पूरे 15 डिप्स किए (मैंने रिकॉर्डिंग थोड़ी देर से शुरू की थी) कुछ दिन मैं थोड़ा स्लो हो जाता हूं. लेकिन… फिर वापस नाना साहेब पर आते हैं – क्या गजब के लेजेंड हैं!’
नाना पाटेकर की फिल्में
नाना पाटेकर अपने दमदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया है और आखिरी बार वो हाउसफुल 5 में नजर आए थे. इसके अलावा वो फिल्म ओ रोमियो में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के साथ भी दिखाई दिए, जिसमें उन्होंने एक पुलिस ऑफिसर का रोल निभाया था. उन्होंने अनिल कपूर और राधिका मदान की फिल्म ‘सूबेदार’ में कैमियो भी किया है. उन्होंने कई पुरस्कार जीते हैं. परिंदा (1989) में अपनी भूमिका के लिए उन्होंने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का एक और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार जीता था. इसके अलावा अन्य कई फिल्मों में बेहतरीन अभिनय के लिए उन्हें कई अवॉर्ड्स मिल चुके हैं.