Navya Nanda fashion: अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नंदा भले ही फिल्मों से दूर हैं, लेकिन उनका फैशन सेंस अक्सर सुर्खियां बटोरता है. हाल ही में एक फैशन इवेंट में नव्या ने कुछ ऐसा किया, जिसने उनके लुक के साथ-साथ उनकी मां श्वेता बच्चन की 11 साल पुरानी फैशन यादें भी ताजा कर दीं. नव्या ने अपनी मां की वही गोल्डन मिनी ड्रेस पहनकर इवेंट में एंट्री की, जिसे श्वेता ने साल 2015 में पहना था. हालांकि, नव्या ने इस आउटफिट को हूबहू कॉपी नहीं किया. उन्होंने अपनी स्टाइलिंग से पुराने लुक को मॉडर्न और मिनिमल अंदाज दिया, जिससे एक ही ड्रेस में दो अलग दौर का फैशन नजर आया.
11 साल बाद फिर सामने आया श्वेता का गोल्डन लुक
अबू जानी और संदीप खोसला के फैशन लेबल के 40 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित सेलिब्रेशन में नव्या गोल्डन मिनी ड्रेस में नजर आईं. खास बात यह रही कि यह वही ड्रेस है जिसे उनकी मां श्वेता बच्चन ने 2015 में अबू-संदीप के BMW इंडियन ब्राइडल फैशन वीक में पहना था. उस वक्त श्वेता ने इस ड्रेस को रेड लिपस्टिक, स्टेटमेंट गोल्डन ब्रेसलेट और ब्लैक-गोल्डन पंप्स के साथ स्टाइल किया था. उनका लुक उस दौर के बोल्ड और ड्रामेटिक फैशन को दिखाता था.
नव्या ने पुराने आउटफिट को दिया नया ट्विस्ट
नव्या ने अपनी मां की ड्रेस को पहनकर इसे पूरी तरह नए अंदाज में पेश किया. हैवी एम्बेलिश्ड गोल्ड मिनी ड्रेस में वह बेहद ग्लैमरस और क्लासी नजर आईं. ड्रेस के बॉडिस और स्कर्ट पर सर्कुलर और स्कैलप्ड एम्बेलिशमेंट्स का पैटर्न है. सेक्विन और बीड्स से की गई बारीक डिटेलिंग इसे स्टेटमेंट आउटफिट बनाती है. अपर पोर्शन का डिजाइन जहां आर्मर जैसा प्रभाव देता है, वहीं स्कर्ट पर पंखों जैसे पैटर्न नजर आते हैं. इस आउटफिट में भारतीय कारीगरी और वेस्टर्न सिल्हूट का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है.
जूलरी से बनाई दूरी, ड्रेस को रखा हीरो
नव्या ने इस बार एक्सेसरीज को लेकर काफी सटल अप्रोच अपनाई. उन्होंने गले और हाथों में हैवी जूलरी नहीं पहनी. इसकी वजह भी साफ है—ड्रेस खुद इतनी ज्यादा डिटेल्ड और चमकदार है कि उस पर अलग से जूलरी पहनने पर लुक जरूरत से ज्यादा भरा हुआ लग सकता था. उन्होंने अपने लुक को मैचिंग गोल्ड एम्बेलिश्ड पंप्स के साथ पूरा किया और आउटफिट की कारीगरी को ही सेंटर ऑफ अट्रैक्शन बनाए रखा.
श्वेता का बोल्ड अंदाज, नव्या का क्लीन लुक
मां-बेटी के इन दोनों लुक्स को देखें तो एक ही ड्रेस में फैशन के दो अलग दौर नजर आते हैं. 2015 में श्वेता ने डार्क रेड लिप्स और हाई-कॉन्ट्रास्ट एक्सेसरीज के साथ ज्यादा बोल्ड और ड्रामेटिक लुक चुना था. वहीं नव्या ने इसी ड्रेस को आज के क्लीन और मिनिमल फैशन ट्रेंड के हिसाब से स्टाइल किया. उन्होंने कम एक्सेसरीज और सटल मेकअप के जरिए आउटफिट को ज्यादा मॉडर्न और एलिगेंट लुक दिया.
न्यूड मेकअप ने बढ़ाई गोल्डन ड्रेस की चमक
नव्या के मेकअप में भी ओवरडू करने की कोशिश नहीं की गई. जहां श्वेता ने रेड लिप्स के जरिए अपने लुक में ड्रामा जोड़ा था, वहीं नव्या ने न्यूड ब्राउनिश टोन के लिप्स चुने. सॉफ्ट स्मोकी आईज और सटल मेकअप ने उनके फीचर्स को उभारा, लेकिन ड्रेस की चमक को हावी होने दिया. यही वजह रही कि पूरा लुक ग्लैमरस होने के बावजूद जरूरत से ज्यादा लाउड नहीं लगा.