Orry-Sara Ali Khan Controversy: सोशल मीडिया सेंसेशन ओरी यानी ओरहान अवात्रामणि एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं. अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर ओरी ने इस बार बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान और उनकी मां अमृता सिंह के साथ बिगड़े रिश्तों पर खुलकर बात की है. ओरी ने दावा किया कि अमृता सिंह ने उन्हें खूब डांटा और उनके साथ बुरा व्यवहार किया. इतना ही नहीं, उन्होंने सारा पर भी मुश्किल वक्त में साथ छोड़ने का आरोप लगाया है. ओरी के इस खुलासे ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है.
सारा अली खान से क्यों टूटी ओरी की दोस्ती?
नेहा धूपिया और अंगद बेदी के पॉडकास्ट ‘डबल डेट’ में बातचीत के दौरान ओरी ने सारा अली खान के साथ अपनी दोस्ती टूटने की वजह बताई. उन्होंने कहा कि सारा उनकी बचपन की दोस्त जैसी थीं. दोनों कॉलेज में साथ थे और करीब 10 साल तक उनकी दोस्ती रही. ओरी के मुताबिक, उन्होंने सारा के मुश्किल समय में हमेशा उनका साथ दिया. लेकिन जब उन्हें खुद सहारे की जरूरत थी, तब सारा ने उनसे दूरी बना ली. ओरी ने कहा कि सारा ने उनका हाल जानने के लिए एक बार फोन तक नहीं किया.
‘मैंने हर मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया’
ओरी ने बताया कि जब सारा एक बड़े विवाद में फंसी थीं, तब वह गोवा में उनके साथ थे. उस दौरान कई लोग उन्हें सारा से दूरी बनाने की सलाह दे रहे थे, लेकिन उन्होंने दोस्ती निभाई. ओरी का दावा है कि उन्होंने उस मुश्किल दौर में सारा, उनकी मां अमृता सिंह और भाई का भी ख्याल रखा. लेकिन जब उन्हें सारा के साथ की जरूरत पड़ी, तब एक्ट्रेस ने उनका साथ नहीं दिया. इस बात से उन्हें काफी दुख पहुंचा.
अमृता सिंह ने भी किया बुरा व्यवहार?
ओरी ने गेम सेगमेंट के दौरान बताया कि उन्होंने सारा के साथ-साथ उनकी मां अमृता सिंह को भी सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया है. उन्होंने दावा किया कि अमृता सिंह ने उन्हें काफी डांटा और उनके बारे में दूसरों से गलत बातें भी कहीं. ओरी के मुताबिक, सारा ने इस पूरे मामले में उनसे कभी माफी नहीं मांगी. इसी वजह से उन्होंने इस दोस्ती को खत्म करना बेहतर समझा.
‘मैं बदला लेने में विश्वास रखता हूं’
पॉडकास्ट में ओरी ने अपने स्वभाव को लेकर भी चौंकाने वाली बात कही. उन्होंने कहा कि वह मन में रंजिश रखते हैं और बदला लेने की योजना भी बनाते हैं. ओरी के मुताबिक, अगर कोई उन्हें तकलीफ देता है तो वह उसे आसानी से नहीं भूलते. उनका कहना है कि बदला लेने में कई साल भी लग सकते हैं, लेकिन वह सही समय का इंतजार करते हैं.
पहले भी अमृता सिंह पर लगा चुके हैं आरोप
यह पहली बार नहीं है जब ओरी ने अमृता सिंह को लेकर बात की है. इससे पहले पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया था कि साल 2021 में अमृता सिंह के साथ हुए विवाद ने उन्हें मानसिक रूप से काफी परेशान किया था. ओरी ने उस दौर को अपनी जिंदगी का बेहद मुश्किल समय बताया था.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तानियों से बुलवाना चाहते थे ‘जय हिंद’, फिर आया ऐसा आइडिया; बना डाली करोड़ों की ‘उड़ता तीर’