साउथ स्टार राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ में महिलाओं के चित्रण को लेकर बहस बढ़ती जा रही है. इंटरनेट पर नेटिजंस ने जाह्नवी कपूर के किरदार को फिल्म में वस्तु की तरह पेश करने पर फिल्म की आलोचना की. इसके बाद, कई हस्तियों ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय व्यक्त की है. अब फिल्म के डायरेक्टर बुची बाबू सना ने प्रतिक्रिया दी है. इसके साथ ही फिल्म के कई बोल्ड सीन हटा दिए गए हैं. जानिए निर्देश ने क्या कहा.
निर्देशक ने क्या कहा?
फिल्म ‘पेद्दी’ के निर्देशक बुची बाबू सना ने इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में कहा कि फिल्म में जाह्नवी कपूर के कुछ दृश्यों को लेकर लोगों की गलत धारणाएं बन गई थीं और उन्होंने यह भी कहा कि राम चरण अभिनीत इस फिल्म में जाह्नवी कपूर के किरदार अचियम्मा को कई लोगों ने गलत समझा था. डायरेक्टर ने बताया, ‘मेरी राय में, कई लोगों ने जाह्नवी कपूर के किरदार को एक अच्छी कहानी में अनावश्यक समझकर गलत व्याख्या की है.’
थोड़ हटकर काम किया
निर्देशक ने आगे कहा, ‘इस फिल्म में मैंने थोड़ा हटकर काम किया, क्योंकि ‘पेद्दी’ एक दूरदराज इलाके से आता है, पहाड़ियों से बहुत दूर. मैं उसकी असलियत दिखाना चाहता था और अंत में उसे सुधारते हुए यह कहना चाहता था कि यह लड़का अपनी परवरिश और माहौल की वजह से ऐसा है. ऐसे किरदार के लिए, वह सोचता है कि उसे अपनी प्रेमिका से शादी करनी ही होगी.’
कई जगह गड़बड़ियां हुईं
डायरेक्टर ने यह भी कहा कि कुछ जगहों पर फिल्मांकन में गड़बड़ी हुई है. उन्होंने कहा, ‘इस प्रक्रिया में, कुछ शॉट्स भ्रामक हो गए. हमने उन्हें हटाने के लिए सुधारात्मक कदम उठाए हैं और उन्हें हटा दिया है.’
फिल्म के बारे में
फिल्म पेद्दी में राम चरण और जान्हवी कपूर के अलावा शिव राजकुमार, जगपति बाबू, बोमन ईरानी और उपेंद्र लिमये जैसे कलाकार हैं. विवाद के बावजूद यह फिल्म दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है.