KBC 18: झारखंड के सिमडेगा की रहने वाली रेशमा लकड़ा ने लोकप्रिय टीवी क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के 31वें एपिसोड में शामिल होकर अपने जिले का नाम रोशन किया. शो में रेशमा का मुकाबला नोएडा के प्रशांत कुमार से हुआ. इस मुकाबले में प्रशांत कुमार ने जीत हासिल की और हॉट सीट पर पहुंचे. हालांकि, रेशमा ने अपने आत्मविश्वास और सिमडेगा की पहचान को पूरे देश के सामने मजबूती से रखा.
अमिताभ बच्चन के सामने रेशमा ने बताया सिमडेगा
शो में अपना परिचय देते हुए रेशमा ने कहा, सिमडेगा की मैं छोरी हूं, सब पर भारी पड़ूंगी. उनके इस आत्मविश्वास भरे अंदाज ने दर्शकों का ध्यान खींचा. अमिताभ बच्चन ने जब उनसे पूछा कि सिमडेगा कहां है, तो रेशमा ने बताया कि यह झारखंड का छोटा और आदिवासी बहुल जिला है. उन्होंने बताया कि उनका गांव बड़की छापर हॉकी के लिए जाना जाता है. रेशमा ने भारतीय हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे का भी जिक्र किया और बताया कि वह भी इसी गांव की रहने वाली हैं. सलीमा का नाम सुनकर दर्शकों ने तालियां बजाईं.
सामाजिक वानिकी विभाग में हैं प्रधान वनरक्षी
रेशमा लकड़ा फिलहाल सामाजिक वानिकी विभाग में प्रधान वनरक्षी के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने संत जोंस स्कूल, फरसाबेड़ा से पढ़ाई की और सिमडेगा कॉलेज से अंग्रेजी ऑनर्स की पढ़ाई पूरी की. फिलहाल वह सिमडेगा के ठाकुरटोली में रहती हैं.
ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20 : कौन है रीति तिवारी का सौतेला बाप? खुल गया सालों पुराना वो राज़; मनोज तिवारी की वाइफ से हुई थी शादी
ऑडिशन से KBC के मंच तक पहुंचीं रेशमा
रेशमा के मुताबिक, KBC के लिए चयन के बाद उन्होंने 20 मई को लखनऊ में ऑडिशन दिया था. इस दौरान उनसे 20 सवाल पूछे गए. उन्हें अपने चयन की जानकारी रक्षाबंधन के दिन मिली. इसके बाद वह अपने पति गौरव बेक के साथ 9 सितंबर को मुंबई पहुंचीं.