Tiger Shroff firing: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ को लेकर मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आई है. रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में उनकी कार पर फायरिंग की गई. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ की BMW कार पर तीन राउंड गोलियां चलाई गईं. राहत की बात यह है कि इस घटना में अभिनेता को कोई चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं. हालांकि, उनके ड्राइवर को इलाज के लिए नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ फुटबॉल मैच खेलने के बाद अपनी कार से घर लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई. फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से सामने आया पोस्ट, किए गए ये दावे
फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आया, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे अनिल पंडित और हरमन संधु के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया. पोस्ट में यह भी कहा गया कि टाइगर श्रॉफ को पहले फोन करके चेतावनी दी गई थी. पोस्ट में सलमान खान के साथ काम करने वाले लोगों को लेकर भी धमकी भरी बातें लिखी गई हैं. हालांकि, सोशल मीडिया पर सामने आए इस पोस्ट की प्रामाणिकता और इसमें किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है. इसलिए पोस्ट में कही गई बातों को फिलहाल दावे के तौर पर ही देखा जा रहा है.
जैकी श्रॉफ की टीम ने दिया अपडेट
फायरिंग की खबर सामने आने के बाद अभिनेता के प्रशंसकों में चिंता बढ़ गई. इस बीच टाइगर श्रॉफ के पिता और अभिनेता जैकी श्रॉफ की टीम ने उनकी सेहत को लेकर स्थिति स्पष्ट की. आजतक से बातचीत में टीम ने पुष्टि की कि टाइगर सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है. टीम ने कहा, ‘टाइगर ठीक हैं. इससे पहले पुलिस की ओर से भी स्पष्ट किया गया था कि गोलीबारी की घटना में टाइगर श्रॉफ को कोई चोट नहीं पहुंची है. ऐसे में अभिनेता की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उनके सुरक्षित होने की खबर से प्रशंसकों को राहत मिली है.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लिया मामले का संज्ञान
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मामले की जानकारी ली. उन्होंने मुंबई पुलिस आयुक्त से फोन पर बात की और घटना की जांच तेजी से करने के निर्देश दिए. साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा. महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने भी टाइगर श्रॉफ के परिवार से फोन पर बातचीत कर उनका हाल जाना. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है.
आरोपियों की तलाश में जुटीं पुलिस की 12 टीमें
पुलिस ने इस मामले की जांच और आरोपियों का पता लगाने के लिए 12 टीमें बनाई हैं. पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है. डीसीपी मोहित गर्ग, जोन 1, पश्चिमी क्षेत्र ने स्पष्ट किया कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें फायरिंग में कोई चोट नहीं आई है. फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को किसने अंजाम दिया और इसके पीछे क्या मकसद था. सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की पुष्टि और आरोपियों की पहचान जांच के अहम पहलू हैं. मामले में आगे की जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.