Aaj Ka Mausam 15 April 2026: देश में कहीं बारिश हो रही है तो कहीं पर गर्मी और लू का कहर देखने को मिल रहा है. एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से पंजाब, हरियाणा समेत 11 राज्यों में 15 -17 अप्रैल के दौरान तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है, जबकि इन राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. वहीं, पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदलेगा, जिससे कहीं बारिश तो कहीं पर बर्फबारी का अलर्ट है. कुल मिलाकर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department) के ताजा अलर्ट के अनुसार, उत्तर भारत समेत देश में कई इलाकों/राज्यों में वीकेंड तक तूफानी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. पूर्वी भारत में 20 अप्रैल के बाद से मौसम बदलने की संभावना है. बिहार और सौराष्ट्र-कच्छ में गर्म व उमस भरे मौसम के आसार हैं, जबकि कई राज्यों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है.
पूर्वोत्तर में होगी बारिॅश
उधर, मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार, पूर्वोत्तर के राज्यों में असम के अलावा अरुणाचल और नगालैंड में अगले 24 घंटे को दौरान हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है. इस बारिश के दौरान कई जगहों पर जलभराव देखने को मिल सकता है.
केरल में बारिश तो तमिलनाडु में गर्मी करेगी परेशान
दक्षिण भारत के राज्यों में गर्मी, लू और बारिश तीनों ही रूप देखने को मिल सकते हैं. स्काईमेट के अनुसार, केरल और अंडमान-निकोबार में 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश हो सकती है. तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण तमिलनाडु में आने वाले दिनों में लगातार भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहने की आशंका है, जिसके बाद मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आएगा.
कहां-कहां होगी बारिश
पर्वतीय राज्य हिमाचल के अलावा केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अलावा पश्चिम बंगाल में बारिश का अलर्ट है. अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड के अलावा सिक्किम, असम, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी है. दो दिन बाद यानी 17 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में जोरदार बारिश होगी. लोगों के लिए अभी से अलर्ट जारी है.
उत्तर भारत के राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार (15 अप्रैल, 2026) को मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 17 अप्रैल से मौसम में बदलाव नजर आएगा. इसके बाद पूर्वी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा. उत्तर प्रदेश में 15 अप्रैल को ज्यादातर जगहों पर गर्मी रहेगी. राजधानी लखनऊ में लखनऊ में 15 अप्रैल को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, गाजियाबाद, सहारनपुर, हापुड़, हाथरस में गर्मी से गर्मी हवाएं चल सकती हैं. उधर पूर्वी उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया और झांसी में भी तेज धूप का असर अधिक नजर आएगा. दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम और सोनीपत के अलावा रोहतक, पंचकुला, भिवानी, हिसार, कैथल, करनाल में गर्मी का प्रकोप अधिक नजर आएगा.
पहाड़ों पर होगी बारिश
उत्तराखंड में 15 और 16 अप्रैल को मौसम शुष्क रहेगा. इसके बाद यानी 17 अप्रैल से देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, उत्तर काशी, रुड़की और अल्मोड़ा में बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में भी ऐसी ही स्थिति रहेगी, जबकि 17 अप्रैल को कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, सोलन, हमीरपुर, लाहौल और स्पीति में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. उधर, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर 15 अप्रैल को बारिश- आंधी हो सकती है. जम्मू-कश्मीर श्रीनगर, मुजफ्फराबाद, बारामूला, गांदरबल, पुलवामा और उधमपुर में बारिश से 4 डिग्री तक तापमान गिर सकता है.