Ankit Baliyan Murder Case: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हाल ही में हुई हत्या के आरोपियों के साथ सोमवार सुबह पुलिस का एनकाउंटर हुआ. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह एनकाउंटर शामली पुलिस और शूटर्स के बीच हुआ. पुलिस ने एनकाउंटर में दो शूटर्स को मार गिराया. मारे गए शूटर्स की पहचान मोहित और सुमित के तौर पर हुई है. एनकाउंटर में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है. यह एनकाउंटर शामली जिले में पानीपत-कैराना हाईवे पर हुआ. गोगी गैंग ने अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी ली थी.
शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया सुबह 4 बजे सूचना मिली थी कि दोनों शूटर बाइक से सोनीपत की तरफ भाग रहे थे. मुखबिर की सूचना पर सोमवार सुबह पुलिस ने उन्हें घेर लिया. पकड़े जाने के डर से उन्होंने फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी. दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई. इसमें बदमाश सुमित और मोहित को गोली लग गई.पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए. . मरने वाले बदमाशों की पहचान हरियाणा के सोनीपत के राजदा के रहने वाले धर्मपाल के बेटे सुमित और मोहित के तौर पर हुई है. SP समेत पुलिस मौके पर मौजूद है.
पत्नी ने दी थी आत्मदाह की धमकी
शुक्रवार को, हरियाणवी सिंगर और YouTuber अंकित बालियान की पत्नी ने धमकी दी थी कि अगर पुलिस ने चार दिनों के अंदर उनके पति के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया तो वह आत्मदाह कर लेंगी. दिल्ली में टीचर के तौर पर काम करने वाली सीमा ने कहा था कि वह शामली सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट के ऑफिस या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के घर के बाहर यह कदम उठाएंगी.
उत्तर प्रदेश के शामली जिले के बंटी खेड़ा गांव में रिपोर्टरों से बात करते हुए, बालियान की पत्नी ने कहा कि वह पुलिस की जांच से खुश नहीं हैं और अगर आरोपियों को चार दिनों के अंदर गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह आत्मदाह करने के लिए मजबूर होंगी. उनके बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. सीमा ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने पुलिस सुरक्षा मांगी थी, लेकिन उन्हें मना कर दिया गया.
जिम के बाहर मारी गोली
गौरतलब है कि अंकित बालियान बुधवार शाम शामली के थाना शहर इलाके में एक जिम से निकल रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं. बालियान को पास के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें बालियान जिम से निकलकर अपनी कार की ओर जाते हुए दिख रहे हैं. इसी बीच, दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावर आते हैं और उन पर अंधाधुंध गोलियां चलाते हैं, और फिर भाग जाते हैं.