MP Crime: 17 दिन तक घर के एक कमरे में रेत का ढेर एक खौफनाक राज छिपाए रहा. पति-पत्नी के बीच रोज होने वाले झगड़ों ने एक दिन ऐसा मोड़ लिया कि पत्नी ने कथित तौर पर पति की हत्या कर दी. इसके बाद राज खुलने के डर से उसने घर के अंदर ही शव को जलाने की कोशिश की, लेकिन जब लाश पूरी तरह नहीं जली तो उसे रेत में दबा दिया. इतना ही नहीं, पहचान मिटाने के लिए सरकारी कागजात और तस्वीरें तक आग के हवाले कर दीं. मामला तब सामने आया, जब 17 दिन बाद बेटा गुजरात से घर लौटा और उसे पिता के अचानक गायब होने पर शक हुआ.
क्या है पूरा मामला?
मामला उदयगढ़ थाना इलाके के तांबी आंबा (पुजारा फलिया) गांव का है . जहां पति के रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर 47 साल की नहजूबाई ने पहले अपने 50 साल के पति रामा पर डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी. फिर सबूत मिटाने के लिए उसने घर के अंदर ही लाश को आग लगा दी. जब लाश पूरी तरह नहीं जली तो महिला ने आधी जली हुई लाश को कमरे में रेत के ढेर में दबा दिया.
17 दिन बाद खुला राज
17 दिन से रेत में दबी इस हत्या का राज तब खुला जब बड़ा बेटा गुजरात से काम छोड़कर घर लौटा. पुलिस ने लाश को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए इंदौर भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी महिला नहजूबाई के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
सरकारी कागज़ात भी जला दिए
पुलिस के मुताबिक, पड़ोसियों को पता न चले और धुआं न निकले, इसके लिए उसने रामा के सरकारी कागज़ात और तस्वीरें भी जला दीं ताकि उसकी पहचान पूरी तरह खत्म हो जाए.