Jharkhand News: झारखंड के बोकारो से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां एक फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान खेल रहे लगभग 40 वर्षीय काजरा मुर्मू अचानक मैदान पर गिर पड़े. उस वक्त वे बॉल छीनने के लिए मशक्कत कर रहे थे. काजरा के गिरते ही मैदान में अफरा-तफरी मच गई. साथी खिलाड़ी उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना अरमो पंचायत के नया बस्ती इलाके की बताई जा रही है. काजरा मुर्मू IEL गोमिया क्षेत्र के खंभरा बस्ती के रहने वाले थे. वह स्थानीय बजरंग क्लब की ओर से आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट में अपनी टीम हंसदा XI के लिए खेल रहे थे.
बॉल के लिए दौड़ते हुए गिरे
मैच के दौरान काजरा दूसरे खिलाड़ियों के साथ गेंद पर कब्जे के लिए जूझ रहे थे. इसी बीच वह अचानक मैदान पर गिर पड़े और बेहोश हो गए. कुछ समय के लिए वहां मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है. काजरा का बेटा निखिल भी उस समय मैदान के पास दर्शकों के बीच मौजूद था. पिता को इस हालत में देखकर परिवार और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. टीम के साथी खिलाड़ी उन्हें तुरंत DVC अस्पताल लेकर पहुंचे.
VIDEO | Jharkhand: 37-year old dies while playing a three-day football match in Bokaro, more details awaited.
Doctor Arvind Kumar says, “A few people brought in a patient. Upon examination, he was found to be brought dead. He was identified as Kajra Murmu, a resident of… pic.twitter.com/Qudigr1lYV
— Press Trust of India (@PTI_News) September 26, 2026
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अरविंद कुमार ने जांच के बाद काजरा को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर के मुताबिक, उन्हें अस्पताल लाए जाने तक उनकी मौत हो चुकी थी. शरीर पर बाहर से चोट का कोई स्पष्ट निशान नहीं मिला है. मौत की सही वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.
मौत के बाद टूर्नामेंट रद्द
काजरा की मौत की खबर मिलते ही टूर्नामेंट का माहौल गम में बदल गया. आयोजन कर रहे बजरंग क्लब ने प्रतियोगिता को रद्द करने का फैसला लिया. आयोजन समिति के संरक्षक जितेंद्र यादव ने कहा कि अगले साल से इस टूर्नामेंट का नाम काजरा मुर्मू की याद में रखा जाएगा. साथ ही इस साल विजेता टीम को दी जाने वाली एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि काजरा के परिवार को देने की बात कही गई है.
मुआवजे को लेकर हड़कंप
कजरा मुर्मू की मौत से परिजनों में दुख के साथ ही नाराजगी भी है. परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग कर रहे हैं. उन्होंने मुआवजे के लिए अस्पताल में हंगामा किया. उनका कहना है कि मुर्मु की कमाई से ही परिवार चलता था. ऐसे में वे सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं.