Muzaffarnagar Crime: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में मंदिर के पुजारी की गोली मारकर हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है. भोरा कलां थाना क्षेत्र में ITI कॉलेज कैंपस में बने प्राचीन शिव मंदिर में बाइक सवार हमलावरों ने पुजारी स्वामी देवानंद महाराज को गोली मार दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सहारनपुर रेंज के DIG अभिषेक सिंह, मुजफ्फरनगर SSP सूरज राय और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अक्षय महादिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और वारदात से जुड़े सबूत इकट्ठा करने के निर्देश दिए.
मंदिर परिसर में हुई इस घटना के बाद पुलिस हत्या के पीछे के मकसद और आरोपियों की पहचान की जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बाइक सवार हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद कैसे भागे और हत्या के पीछे का मकसद क्या था. घटना की आगे की जानकारी पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगी.
टायर्ड फौजी थे देवानंद
बाइक पर सवार दो युवकों ने पहले पुजारी से बात की और फिर कमरे में ही गोली मारकर भाग गए. ग्वालियर (मध्य प्रदेश) के रहने वाले देवानंद रिटायर्ड फौजी थे. वह पिछले 25 सालों से मंदिर के पुजारी थे और मंदिर के अंदर ही एक कमरे में रहते थे.
मंगलवार रात करीब 9 बजे वह अपने कमरे में आराम कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए. उन्होंने पुजारी को आवाज़ दी और उनके कमरे में घुस गए. थोड़ी देर बात करने के बाद उन्होंने पुजारी को गोली मार दी और अपनी बाइक से भाग गए. PRD जवान मौसम अली मंदिर के पास ही मौजूद थे. गोली की आवाज़ सुनकर वह दौड़कर मंदिर पहुंचे तो देखा कि दो युवक भाग रहे हैं.
बातचीत के बाद गोली मारी
जब वे अंदर गए तो पुजारी की खून से लथपथ बॉडी मिली. SP रूरल अक्षय संजय महादिक ने कहा कि जिस तरह से युवकों ने पहले आवाज़ दी और फिर बात करने के लिए उनके कमरे में घुसे, फिर उन्हें गोली मार दी. इससे साफ पता चलता है कि दोनों युवक पुजारी को जानते थे और अक्सर उनसे मिलने आते-जाते रहे होंगे. पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है. घटना को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा.