NTA Exam Calendar 2026-27: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कई प्रमुख प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं का संभावित कैलेंडर जारी किया है. इसमें दिसंबर 2026 से मार्च 2027 के बीच होने वाली परीक्षाओं की प्रस्तावित तारीखों की जानकारी दी गई है. JEE Main, UGC-NET, CSIR-UGC NET, CMAT और CUET-PG जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों उम्मीदवारों के लिए यह कैलेंडर आगे की रणनीति बनाने में मददगार हो सकता है. हालांकि छात्रों को एक बात का विशेष ध्यान रखना होगा. NTA ने इन तारीखों को संभावित बताया है. यानी इन्हें किसी परीक्षा की अंतिम या आधिकारिक परीक्षा तारीख नहीं माना जा सकता. हर परीक्षा के लिए अलग से डिटेल इनफॉर्मेशन बुलेटिन और आधिकारिक नोटिस जारी किया जाएगा.
14 से 19 दिसंबर के बीच होंगी परीक्षा
UGC-NET दिसंबर 2026 की परीक्षा 14 दिसंबर से 19 दिसंबर के बीच आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है. NTA ने 20 और 21 दिसंबर को बफर डेट के तौर पर रखा है. बफर डेट का इस्तेमाल किसी निर्धारित परीक्षा तिथि पर तकनीकी खराबी, प्रशासनिक परेशानी या लॉजिस्टिकल कारणों से परीक्षा प्रभावित होने की स्थिति में किया जा सकता है. इसका मतलब यह नहीं है कि हर उम्मीदवार की परीक्षा इन तारीखों पर होगी.
CMAT 2027: 7 फरवरी को प्रस्तावित परीक्षा
मैनेजमेंट संस्थानों में दाखिले के लिए होने वाले कॉमन मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट यानी CMAT 2027 की परीक्षा 7 फरवरी 2027 को आयोजित होने का प्रस्ताव है. CMAT की तैयारी कर रहे उम्मीदवार इस तारीख को ध्यान में रखते हुए अपनी पढ़ाई और रिवीजन का प्लान बना सकते हैं. हालांकि CMAT की भी यह तारीख संभावित कैलेंडर का हिस्सा है. अंतिम परीक्षा कार्यक्रम संबंधित आधिकारिक नोटिस में ही स्पष्ट होगा.
NITTT पार्ट-1 और पार्ट-2 की भी तारीखें तय
NTA के संभावित कैलेंडर में NITTT पार्ट-1 की परीक्षा 26 और 27 फरवरी 2027 को प्रस्तावित है. वहीं NITTT पार्ट-2 की परीक्षा 5 और 7 मार्च 2027 को आयोजित किए जाने की बात कही गई है. इन परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को आगे आने वाले आधिकारिक नोटिस पर नजर बनाए रखनी होगी, क्योंकि संभावित कैलेंडर में बदलाव की गुंजाइश रहती है.
CUET-PG 2027: मार्च में 17 दिनों तक होगी परीक्षा
की सेंट्रल और स्टेट यूनिवर्सिटीज में पोस्ट ग्रेजुएशन यानी पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए होने वाली CUET-PG 2027 परीक्षा मार्च 2027 में कुल 17 दिनों के दौरान आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है. CUET-PG के जरिए पीजी में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए यह जानकारी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि परीक्षा की अवधि लंबी रखी गई है. हालांकि उम्मीदवारों की सटीक परीक्षा तारीख, शिफ्ट और अन्य जानकारी बाद में जारी होने वाले आधिकारिक नोटिस में स्पष्ट होगी.
JEE Main समेत दूसरी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को क्या करना चाहिए?
NTA के संभावित कैलेंडर में कई बड़ी परीक्षाओं का उल्लेख है. ऐसे में उम्मीदवारों के पास अपनी तैयारी का टाइमलाइन तैयार करने का एक शुरुआती आधार जरूर है. लेकिन केवल कैलेंडर के आधार पर परीक्षा की अंतिम तारीख मान लेना सही नहीं होगा. NTA ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक, शैक्षणिक, लॉजिस्टिकल या अन्य अपरिहार्य कारणों से संभावित तारीखों में बदलाव किया जा सकता है. इसलिए उम्मीदवारों को संबंधित परीक्षा का डिटेल इनफॉर्मेशन बुलेटिन जारी होने का इंतजार करना चाहिए.
सोशल मीडिया की खबरों से रहें सावधान
NTA ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों को असत्यापित जानकारी और सोशल मीडिया पर चल रहे दावों पर भरोसा न करने की सलाह दी है. परीक्षा से जुड़ी किसी भी तारीख, आवेदन प्रक्रिया, एडमिट कार्ड या अन्य महत्वपूर्ण अपडेट के लिए NTA की आधिकारिक वेबसाइट और संबंधित परीक्षा पोर्टल पर जारी सूचना को ही आधार बनाना चाहिए. इस संभावित कैलेंडर को फिलहाल छात्रों के लिए एक प्री-प्लानिंग टूल की तरह देखा जा सकता है. फाइनल डेट, आवेदन की तारीख और परीक्षा से जुड़े अन्य नियम संबंधित परीक्षा के आधिकारिक नोटिफिकेशन के बाद ही तय माने जाएंगे.