UP International Trade Show: अगर आप नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रहते हैं और घर से काम के लिए निकलते हैं, तो ये खबर खास आपके लिए है. 25 सितंबर से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का आयोजन किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में कई बड़े मेहमान शिरकत करने वाले हैं. इस बात को ध्यान में रखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने रूट जारी किया है.
इसको देखते हुए 24 सितंबर से 29 सितंबर 2026 तक रोजाना सुबह 7 बजे से 11 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास के रास्तों पर भारी वाहनों, मध्यम वाहनों और हल्के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. हालांकि जो वाहन दूध, सब्जियां, फल जैसी जरूरी चीजें और चिकित्सकीय वाहनों को एंट्री मिलेगी.
कहां होगी पार्किंग?
- अगर आप अपने वाहन से आ रहे हैं, तो आपको उसे पार्क करने की जरूरत होगी. इसके लिए आपको नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से एक्सपोमार्ट जाने वाले हिन्डन कट से सर्विस रोड की तरफ से संस्कृति मंत्रालय तिराहा, फिर पुस्ता रोड और एक्यूरेट कॉलेज तिराहे से होते हुए नासा बड़े गोलचक्कर की पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर सकेंगे. इसके बाद आप एक्सपोमार्ट जा सकेंगे.
- अगर आप सूरजपुर की तरफ से जा रहे हैं, तो आप एलजी गोलचक्कर से शारदा गोलचक्कर होते हुए नासा बड़े गोलचक्कर की पार्किंग में गाड़ी पार्क कर सकेंगे.
- परीचौक की तरफ से जाने वाले वाहनों को भी एलजी गोलचक्कर से होते हुए शारदा गोलचक्कर जाना है. वहां से नासा बड़े गोलचक्कर की पार्किंग में गाड़ी पार्क कर सकेंगे.
- वहीं अगर आप चाहें, तो परीचौक की तरफ से आते हुए जगतफार्म गोलचक्कर से ईशान कॉलेज के पास का सर्विस रोड लें. यहां से जीएल बजाज की ओर जाने वाले मार्ग से नासा बड़े गोलचक्कर की तरफ जाएं. वहां आप अपनी गाड़ी को पार्क कर सकेंगे.
- जब नासा बड़े गोलचक्कर पर बनी पार्किंग फुल हो जाएगी, तो KCC, जुबलिएंट और यूनाइटेड कॉलेज परिसर में बनी पार्किंग को पार्किंग के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.
पार्किंग से बाहर इस रास्ते से होगा एग्जिट
कार्यक्रम खत्म होने के बाद वाहनों के जाने के लिए अलग रूट तय किया गया है. एक्सपोमार्ट में कार्यक्रम खत्म होने के बाद वाहन पार्किंग स्थल से निकलकर शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, सूरजपुर और कच्ची सड़क तिराहे के रास्ते कुलेसरा, फेस 2, ककराला, सोरखा और पर्थला चौक होते हुए जा सकेंगे. इसके अलावा आप फेस 2, NSEZ के रास्ते फ्लाईओवर लेते हुए सीधे सेक्टर 37 की तरफ जा सकेंगे. इसके अलावा जो वाहन चालक दिल्ली और गाजियाबाद की तरफ जाना चाहते हैं, वे पार्किंग स्थल से शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर और साकीपुर गोलचक्कर होते हुए तिलपता गोलचक्कर और दादरी होते हुए NH-24/09 से अपने रास्ते जा सकेंगे.
ईस्टर्न पेरिफेरल पर कैसे जाएंगे?
जो वाहन चालक ईस्टर्न पेरिफेरल पर जाना चाहते हैं, तो पार्किंग स्थल से निकलकर शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर और साकीपुर गोलचक्कर के रास्ते 130 मीटर रोड होते हुए सिरसा गोलचक्कर से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर जा सकेंगे. यमुना एक्सप्रेसवे पर जाने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल से शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर होते हुए आसियाना गोलचक्कर की तरफ से डेल्टा-3 गोलचक्कर, बीटा-2 गोलचक्कर और लेबर चौक होते हुए डेल्टा-01 गोलचक्कर, ITBP गोलचक्कर, पी-3 गोलचक्कर और IFS विला गोलचक्कर होते हुए जीरो प्वाइंट से यमुना एक्सप्रेसवे जा सकेंगे.
ट्रैफिक समस्या होने पर कैसे करें संपर्क?
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ट्रेड शो के दौरान ज्यादातर मेट्रो सुविधाओं का इस्तेमाल करें ताकि सड़क पर जाम से बचा सके. घर से निकलने से पहले थोड़ा ज्यादा समय लेकर चलें. अगर ट्रैफिक से संबंधित कोई समस्या होती है, तो गौतमबुद्धनगर यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकेंगे.