Today Weather Report: देश भर में मानसून एक बार फिर से तेजी से सक्रिय हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 अगस्त के लिए मौसम का ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए पूर्वी भारत, मध्य भारत और पूर्वोत्तर के अधिकांश राज्यों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के अपडेट के अनुसार ओडिशा में मूसलाधार बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा. इसके अलावा बिहार, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में तेज बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है.
पूरे भारत में बरसेगा मानसून का कहर
मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, भारत के हर हिस्से में मूसलाधार से सामान्य बारिश होने की संभावना है. ओडिशा में अलग-अलग जगहों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. वहीं UP, बिहार, झारखंड और गांगेय पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं. इसके अतिरिक्त दक्षिण भारतीय राज्यों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है.
उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर में होगी भारी बारिश
उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मानसूनी हवाओं का असर बना रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक 29 अगस्त को उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही उत्तराखंड में अलग अलग जगहों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने का अलर्ट भी जारी किया गया है.
वहीं दूसरी ओर हिमालयी राज्य जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के क्षेत्रों में भी अलग अलग जगहों पर तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान जताया गया है. पर्वतीय इलाकों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को भूस्खलन व खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है.
मध्य भारत और पूर्वोत्तर के सातों राज्यों में बरसेगी आफत
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी भारी बारिश की आशंका जताई है. IMD के मुताबिक 29 अगस्त को पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा पूरे मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग अलग इलाकों में गरज के साथ बिजली कड़कने और गिरने का जोखिम बना रहेगा. साथ ही पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश की गतिविधियां बेहद तेज रहने वाली हैं. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के साथ-साथ नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग जगहों पर मूसलाधार बारिश का अलर्ट है.
दक्षिण भारत में भी तूफान और गरज-चमक के साथ तेज बारिश की आशंका
IMD के मुताबिक दक्षिण भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश से ज्यादा तेज तूफानी हवाओं का असर देखने को मिलेगा. आंध्र प्रदेश, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और सिक्किम में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से अंधड़ आ सकता है. आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में तेज सतही हवाएं चलने का पूर्वानुमान है. इन सबके अलावा द्वीपीय क्षेत्र अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मौसम बेहद तूफानी बना रहेगा. यहां पृथक स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं (Thundersquall) का अलर्ट जारी किया गया है. मछुआरों से मछली पकड़ने के लिए गहरे पानी में न जाने की अपील की गई है.