West Bengal Durga Puja 2026: दुर्गा पूजा के जश्न की तैयारियों के बीच पश्चिम बंगाल सरकार ने इस साल के आयोजन को लेकर बड़ा ऐलान किया है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि बीजेपी सरकार के तहत होने वाली राज्य की पहली दुर्गा पूजा में बड़े स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इस दौरान ड्रोन शो और आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी. वहीं, पिछली टीएमसी सरकार के समय शुरू किया गया सालाना दुर्गा पूजा कार्निवल इस साल आयोजित नहीं किया जाएगा.
दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ सालों से दुर्गा पूजा के नाम पर जिस तरह का कार्निवल आयोजित किया जा रहा था, वह इस साल नहीं होगा. सरकार इसके बजाय पूजा के दौरान बंगाली संस्कृति और परंपरा को केंद्र में रखते हुए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करेगी.
पूजा को लेकर एलान
बता दें कि बंगाल सरकार की तरफ से पूजा को लेकर भी कई बड़े एलान किए गए हैं. सरकार ने कहा है कि कम बजट वाली दुर्गा पूजा समितियों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद की जाएगी. इसके साथ हीपूजा समितियों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही शुभेंदु अधिकारी ने पूजा आयोजकों से अपील की है कि मां दुर्गा की प्रतिमा, पंडाल और थीम के साथ कोई ऐसा प्रयोग न करें, जिससे किसी की सांस्कृतिक या भावनाएं आहत हों.
इन चीजों की मनाही
कहा गया है कि दुर्गा पूजा के दौरान महाअष्टमी के दिन शराबबंदी रहेगी. इसके अलावा सरकार ने दुर्गा मूर्त विसर्जन में डीजे बजाने से इनकार किया है. कहा गया है कि विसर्जन जुलूस के दौरान DJ की अनुमति नहीं होगी. साथ ही 25 अक्तूबर से पहले विसर्जन करने को कहा गया है क्योंकि 25 अक्तूबर को लक्ष्मी पूजा है. ऐसे में सभी समितियां एक दिन पहले ही विसर्जन कर लें. साथ ही बड़ी समितियों को कहा गया है कि वे सरकारी अनुदान न लें.
ईडन गार्डन्स में होगा बड़ा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का पर्यटन विभाग और सूचना एवं संस्कृति विभाग मिलकर कोलकाता के ईडन गार्डन्स में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित करेंगे. इस कार्यक्रम के जरिए दुर्गा पूजा के त्योहार की शुरुआत की जाएगी. इस दौरान करीब चार घंटे का ड्रोन और आतिशबाजी शो आयोजित करने की योजना है. इसके अलावा दुर्गा पूजा से पहले राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे.
दीघा में विशेष कार्यक्रम
महालया के बाद दीघा में भी एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. राज्य के छह शहरों में दो दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की भी जानकारी दी गई है. सरकार का कहना है कि इन कार्यक्रमों के जरिए बंगाल की कला, संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा दिया जाएगा.
सड़कें और हाईवे बंद नहीं होंगे
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि पूजा के आयोजन के नाम पर सड़कों और नेशनल हाईवे को लंबे समय तक बंद नहीं किया जा सकता. सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि पूजा पंडालों और कार्यक्रमों के कारण आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो. मुख्यमंत्री ने आयोजकों को भी व्यवस्था बनाए रखने की बात कही है. उनका कहना है कि पूजा का आयोजन इस तरह होना चाहिए कि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो.
यूनेस्को में शामिल दुर्गा पूजा
कोलकाता की दुर्गा पूजा को साल 2021 में यूनेस्को ने ‘अमूर्त सांस्कृतिक विरासत (Intangible Cultural Heritage)’ की सूची में शामिल किया था. ऐसे में सरकार इस बार के आयोजन को संस्कृति, परंपरा और भव्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के साथ जोड़कर पेश करने की तैयारी में है.