Who is Sanjukta Parashar: जंगलों में खतरनाक ऑपरेशन, नक्सल विरोधी अभियान और गुरिल्ला युद्ध जैसी चुनौतियों के बीच अब CRPF की एलीट CoBRA यूनिट की कमान एक महिला अधिकारी के हाथों में है. असम की ‘आयरन लेडी’ के नाम से पहचानी जाने वाली IPS अधिकारी संजुक्ता पराशर ने CoBRA की पहली महिला इंस्पेक्टर जनरल (IG) बनकर इतिहास रच दिया है. उनकी नियुक्ति 10 सितंबर 2026 को हुई, जिसके बाद उन्होंने 10-बटालियन वाली इस खास फोर्स की जिम्मेदारी संभाली.
कौन हैं संजुक्ता पराशर?
संजुक्ता पराशर 2006 बैच की असम-मेघालय कैडर की IPS अधिकारी हैं. उनका करियर मुख्य रूप से फील्ड पोस्टिंग और चुनौतीपूर्ण सुरक्षा अभियानों से जुड़ा रहा है. 2013-14 के दौरान सोनितपुर की SP रहते हुए उन्हें ‘आयरन लेडी’ नाम मिला. इस दौरान उन्होंने उग्रवाद विरोधी अभियानों में अहम भूमिका निभाई और कई उग्रवादियों की गिरफ्तारी तथा मुठभेड़ों में कार्रवाई का नेतृत्व किया. इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में भी काम किया. वहां SP और बाद में DIG के रूप में उन्होंने आतंकवाद से जुड़े कई मामलों की जांच की. CRPF में नई जिम्मेदारी मिलने से पहले वह असम पुलिस के क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट की प्रमुख थीं.
क्या है CoBRA यूनिट?
CoBRA, CRPF की एक विशेष कमांडो यूनिट है, जिसे खास तौर पर जंगलों में ऑपरेशन और गुरिल्ला युद्ध से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया गया है. यह फोर्स छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियान चलाती है. मणिपुर में भी इसकी दो बटालियन तैनात हैं.
महिलाओं के लिए क्यों खास है नियुक्ति?
संजुक्ता पराशर की नियुक्ति को सुरक्षा बलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अब वह देश की सबसे चुनौतीपूर्ण और जोखिम वाली ऑपरेशनल यूनिट्स में से एक की कमान संभालेंगी. यह नियुक्ति उन महिलाओं के लिए भी महत्वपूर्ण संदेश है, जो सुरक्षा और पुलिस सेवाओं में आगे बढ़कर कठिन फील्ड भूमिकाएं निभाना चाहती हैं.
ये भी पढ़ें: IndiGo ने बढ़ाए कई ऐड-ऑन सर्विस के चार्ज, एक्स्ट्रा बैगेज से बच्चों की सेवा तक अब देने होंगे ज्यादा पैसे