हाल ही केरल की दो महिलाओं की मौत हो गई है, जिसे कैलिफोर्निया पुलिस हत्या का मामला मान रही है. बताया जा रहा है कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही अपने परिवार के साथ ओणम का त्योहार मनाया था.
उसी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में रहने वाली और दोनों पीड़ितों को जानने वाली एक महिला पर पुलिस को शक है. पुलिस ने कथित तौर पर महिला को हिरासत में ले लिया है.
अलग-अलग तरीके से हुई हत्या
यह घटना 28 अगस्त को कैलिफोर्निया के मिलपिटास शहर में घटी. तिरुवनंतपुरम के केशवदासपुरम की मूल निवासी 40 वर्षीय ऐन मैरी मैथ्यू को मिल क्रीक अपार्टमेंट्स कॉम्प्लेक्स के एक अपार्टमेंट के अंदर चाकू से हमला करके घायल कर दिया गया. बाद में त्रिशूर के मुदिक्कोड की रहने वाली 35 वर्षीय अंजना हरि को कॉम्प्लेक्स के पार्किंग क्षेत्र में एक कार ने टक्कर मार दी.
मिलपिटास पुलिस के अनुसार, अधिकारियों को सबसे पहले मिल क्रीक अपार्टमेंट्स के पास डिक्सन लैंडिंग रोड पर एक हिट-एंड-रन की घटना की सूचना मिली. जब वे मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने पार्किंग में एक महिला को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा पाया. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि टक्कर के तुरंत बाद एक नीली एसयूवी गाड़ी सीधे मौके से फरार हो गई. बाद में अधिकारियों ने उस विवरण से मेल खाती एक एसयूवी को पास के एक पार्किंग स्थल पर ढूंढ निकाला. उन्होंने वाहन के चालक को गिरफ्तार कर लिया, जो मिलपिटास का 32 वर्षीय निवासी थी.
दोनों महिलाओं की कॉमन फ्रेंड थी अनिला
पीड़ितों के परिजनों ने हिरासत में ली गई महिला की पहचान अनिला (32 वर्ष) के रूप में की है, जो कोट्टायम के मूननिलावु की रहने वाली है. समाचार एजेंसी IANS ने यह जानकारी दी है. बताया जाता है कि वह दोनों महिलाओं की मित्र थी और माना जाता है कि वह अपने परिवार के साथ उसी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में रहती थी. वहीं अंजना के रिश्तेदार विनोद ने मीडिया को बताया कि हालांकि परिवार वीडियो कॉल के जरिए ऐन को जानते थे, लेकिन वे अनिला से कभी व्यक्तिगत रूप से नहीं मिले थे. उन्होंने आगे बताया कि तीनों महिलाएं अलग-अलग नौकरियों में कार्यरत थीं.
अमेरिका में रहने वाले लोगों से परिवारों तक पहुंची जानकारी के आधार पर, विनोद ने कहा कि अनिला ने कथित तौर पर अपार्टमेंट के अंदर ऐन को चाकू मारा और बाद में एक कार से अंजना को टक्कर मार दी. अभी तक हत्या का कोई मकसद सामने नहीं आया है और पुलिस ने आरोपों के बारे में और अधिक जानकारी जारी नहीं की है.
अलग-अलग जगह कार्यरत थीं तीनों महिलाएं
बता दें कि अंजना 2021 में अमेरिका चली गई थीं और कैलिफोर्निया में एक स्कूल शिक्षिका के रूप में काम कर रही थीं. पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, उनके पति विजयेश, जो एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, और उनकी छह वर्षीय बेटी जीवित हैं. वहीं ऐन मैरी अमेरिका के एक स्कूल में कंप्यूटर शिक्षिका के रूप में काम करती थीं. उनकी शादी जैकब से हुई थी, जो चिंगावनम के रहने वाले थे, और दंपति की दो बेटियां थीं.
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को इन मौतों की पुष्टि की और कहा कि सरकार महिलाओं के शवों को केरल वापस लाने के लिए काम कर रही है. गोपी और केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशान दोनों ने दोनों महिलाओं के परिवारों से बात की है. गोपी ने कहा कि मौतों की आधिकारिक तौर पर हत्या के रूप में पुष्टि की गई है, लेकिन विशिष्ट मकसद और जांच के विस्तृत निष्कर्ष तभी पता चलेंगे जब अमेरिकी अधिकारियों द्वारा विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और नोर्का को औपचारिक रिपोर्ट जारी की जाएगी.