How to Make Rasam: पहले एक कटोरी गरमा-गरम रसम और फिर उसके साथ सादा चावल… साउथ इंडियन खाने का असली स्वाद इसी कॉम्बिनेशन में छिपा है. अगर आपको लगता है कि दक्षिण भारतीय व्यंजन सिर्फ इडली, डोसा और सांभर तक ही सीमित हैं, तो एक बार रसम जरूर ट्राई करें. खट्टे-तीखे स्वाद, टमाटर की ताजगी और देसी मसालों की शानदार खुशबू से भरपूर रसम सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि हल्के और पौष्टिक भोजन का भी बेहतरीन विकल्प है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और साधारण सामग्री से ही इसका लाजवाब स्वाद तैयार हो जाता है. अगर आप घर पर रेस्टोरेंट जैसा साउथ इंडियन स्वाद चाहते हैं, तो यह आसान रसम रेसिपी आपकी किचन में जरूर जगह बना लेगी. अगर आपने कभी रसम की रेसिपी को ट्राई नहीं किया है तो हमारी बताई विधि की मदद से इसे बेहद आसानी से बना सकते हैं.
रसम बनाने के लिए जरूरी सामग्री
रसम बनाने के लिए सामग्री दो जगह चाहिए. टमाटर, राई, कढ़ी पत्ते, हरी मिर्च, हरा धनिया, इमली एक्स्ट्रेक्ट, हल्दी, हींग, सूखी लाल मिर्च, तेल, पानी और स्वादानुसार नमक चाहिए. वहीं, मसाला पेस्ट के लिए जीरा, लहसुन, धनिया स्टेम और काली मिर्च होना चाहिए.
रसम बनाने की विधि
स्टेप 1- घर पर स्वादिष्ट रसम बनाने के लिए साउथ इंडियन स्टाइल का रसम बनाने के लिए सबसे पहले हरी मिर्च को बीच में से चीरें और टमाटर, हरा धनिया बारीक काट लें. अब मिक्सर जार में 1 टेबलस्पून जीरा, लहसुन पुत्थी, धनिया स्टेम और काली मिर्च डालकर ब्लेंड करें. इसका मोटा पेस्ट तैयार करने के बाद मिश्रण को एक बाउल में निकालकर अलग रख दें. अब एक कड़ाही में तेल डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करने के लिए रख दें.
स्टेप 2- जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें राई, सूखी लाल मिर्च, हींग और कढ़ी पत्ते डालकर कुछ देर तक भूनें. अब इसमें तैयार किया मसाला पेस्ट मिलाएं और एक मिनट तक फ्राई करें. इसके बाद कड़ाही में बारीक कटा टमाटर, हल्दी, मिर्च और स्वादानुसार नमक मिक्स कर दें. अब मिश्रण को तब तक भूनें जब तक कि टमाटर नरम न हो जाए. जब टमाटर सॉफ्ट हो जाए तो इसमें इमली का एक्स्ट्रेक्ट और 3 कप पानी डाल दें और अच्छे से मिलाएं.
स्टेप 3- इसके बाद कड़ाही को ढंक दें और लगभग 10 मिनट तक रसम को पकने दें. इस दौरान बीच-बीच में रसम को चलाते भी रहें. इसे तब तक पकाना है जब तक कि रसम का कच्चापन खत्म न हो जाए. जब रसम अच्छे से उबल जाए तो इसमें बारीक कटी हरी धनिया पत्ती डाल दें. टेस्टी रसम बनकर तैयार है. इसे चावल के साथ सर्व करें.