Red Light Area: ‘रेड लाइट एरिया’ शब्द सुनते ही लोगों के मन में उन इलाकों की तस्वीर आती है, जहां देह व्यापार जुड़ी गतिविधियां होती हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इन्हें रेड लाइट एरिया ही क्यों कहा जाता है? आखिर लाल रंग का इससे क्या संबंध है और इसे ब्लू या ब्लैक लाइट एरिया क्यों नहीं कहा जाता? इस नाम को लेकर इतिहास में कई कहानियां और दावे मिलते हैं.
रेड लाइट नाम के पीछे क्या है कहानी?
रेड लाइट एरिया नाम की शुरुआत को लेकर कोई एक तय कहानी नहीं है. एक प्रचलित कहानी अमेरिका के कंसास शहर से जुड़ी है. कहा जाता है कि रेलकर्मी जब ऐसे इलाकों में जाते थे, तो अपने साथ लाल लालटेन रखते थे. बाहर रखी लालटेन से यह संकेत मिलता था कि संबंधित व्यक्ति अंदर मौजूद है. एक अन्य मान्यता के अनुसार, अमेरिका और यूरोप के कुछ शहरों में देह व्यापार से जुड़े इलाकों में लाल रोशनी का इस्तेमाल पहचान के तौर पर किया जाता था. धीरे-धीरे ऐसे इलाकों को ‘रेड लाइट डिस्ट्रिक्ट’ कहा जाने लगा.
इतिहास में भी मिलता है इसका जिक्र
‘रेड लाइट डिस्ट्रिक्ट’ शब्द के इस्तेमाल का इतिहास काफी पुराना बताया जाता है. उपलब्ध ऐतिहासिक संदर्भों के मुताबिक, 19वीं सदी के अंत में अमेरिका में इस शब्द का इस्तेमाल देखने को मिलता है. 1894 में ओहायो के एक अखबार में रेड-लाइट डिस्ट्रिक्ट शब्द के इस्तेमाल का उल्लेख मिलता है. एम्सटर्डम को लेकर भी लाल लालटेन की एक कहानी प्रचलित है. कहा जाता है कि बंदरगाह के आसपास कुछ महिलाएं लाल लालटेन का इस्तेमाल संकेत के तौर पर करती थीं. हालांकि, इन कहानियों को इस शब्द की निश्चित उत्पत्ति नहीं माना जाता.
ये भी पढ़ें: क्या शादी करने जा रही हैं आम्रपाली दुबे? Bigg Boss में निरहुआ संग रिश्ते का खोला राज़, बोलीं- ‘वो चाहते हैं कि मैं…’
भारत में कहां हैं रेड लाइट एरिया?
भारत में ‘रेड लाइट एरिया’ आमतौर पर उन इलाकों के लिए इस्तेमाल होता है, जहां लंबे समय से देह व्यापार करने वाली महिलाओं से जुड़ी गतिविधियां मौजूद रही हैं. मुंबई का कमाठीपुरा, कोलकाता का सोनागाछी और दिल्ली का जीबी रोड ऐसे चर्चित इलाके हैं. इसके अलावा पुणे का बुधवार पेठ, वाराणसी का शिवदासपुर और मुजफ्फरपुर का चतुर्भुज स्थान भी इस संदर्भ में चर्चा में रहते हैं. हालांकि, ‘रेड लाइट एरिया’ नाम की उत्पत्ति को लेकर अलग-अलग ऐतिहासिक दावे हैं और किसी एक कहानी को पूरी तरह प्रमाणित स्रोत के रूप में नहीं माना जा सकता.