सोशल मीडिया पर 45 लाख से अधिक फॉलोअर्स वाली इन्फ्लुएंसर मधुमिता अपनी रील्स और तस्वीरों के माध्यम से अपनी आलीशान जीवनशैली का प्रदर्शन करने के लिए जानी जाती हैं. वह नियमित रूप से कैश के बंडल और सोने के आभूषणों को दिखाते हुए तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करती हैं. हाल ही में उनके साथ एक बड़ा हादसा हो गया.
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार मधुमिता नागरकोइल में हुई एक चोरी में लगभग 1 करोड़ रुपये की कीमती वस्तुएं खो बैठी है. अब, पुलिस जांच के तहत इन्फ्लुएंसर के सोशल मीडिया पोस्ट और रीलों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या किसी चीज से चोरों को उसके ठिकाने का पता चला था.
करोड़ों की हुई चोरी
पुलिस ने बताया कि मधुमिता के परिवार के घर से लगभग 120 तोला सोने और हीरे के आभूषणों के साथ-साथ 50,000 रुपये नकद गायब पाए गए. परिवार गुरुवार को खरीदारी के लिए बाहर गया हुआ था. इसी मौके का फायदा उठाते हुए चोरों ने नागरकोइल स्थित उनके वीआईपी गार्डन स्थित घर में घुसकर करीब 1 करोड़ रुपये की नकदी और कीमती सामान चुरा लिया. परिवार को घर लौटने पर चोरी का पता तब चला जब उन्होंने लॉकर खुला पाया और उसमें से कीमती सामान गायब था.
‘मुझे अपने सामान की हिफाजत करना आता है’
इस समय उनकी एक पुरानी रील काफी वायरल हो रही है, जिसमें मधुमिता कहती हैं कि उन्हें अपनी कीमती चीजों की रक्षा करना आता है. हालांकि, चोर फिर भी उनके घर में घुस गए और उनकी बात को गलत साबित कर दिया.
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन्फ्लुएंसर की सोशल मीडिया गतिविधि ने चोरों को परिवार की गतिविधियों पर नज़र रखने में मदद की होगी, जिसमें गहने, नकदी दिखाने वाली पोस्ट और रीलें और यहां तक कि एक बच्चे पर नकदी लुटाने के वीडियो भी शामिल हैं. संदिग्धों का पता लगाने के लिए पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं.