रुबीना-अभिनव की शादी में आ गई थी दरार, तलाक तक पहुंची बात; Bigg Boss ने ऐसे बदली लव स्टोरी
Abhinav Shukla: रुबीना दिलैक और अभिनव शुक्ला की जोड़ी को आज टीवी की चर्चित जोड़ियों में गिना जाता है. दोनों की मुलाकात से लेकर शादी और फिर रिश्ते में आए मुश्किल दौर तक उनकी कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही. सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया, जब दोनों के रिश्ते में दरार आ गई और बात तलाक तक पहुंचने लगी. हालांकि इसी बीच उनकी जिंदगी में आया Bigg Boss 14, जिसने दोनों को अपने रिश्ते को नए नजरिए से देखने का मौका दिया.
कॉमन फ्रेंड के जरिए मुलाकात
रुबीना और अभिनव की पहली मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी. धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गईय दोनों को साथ समय बिताना पसंद था और रिश्ते को लेकर उनकी बॉन्डिंग भी मजबूत होती गई. इसके बाद जून 2018 में दोनों ने शादी कर ली.
वक्त के साथ रिश्ते में परेशानियां
शादी के शुरुआती सालों में दोनों की तस्वीरें और साथ बिताए पल सोशल मीडिया पर खूब नजर आते थे. हालांकि वक्त के साथ रिश्ते में कुछ परेशानियां आने लगीं. दोनों ने बाद में खुद बताया कि उनके बीच कई चीजों को लेकर मतभेद बढ़ गए थे.
तलाक तक आ गई थी नौबत
जब दोनों ने Bigg Boss 14 में साथ एंट्री की, तब उन्होंने खुलकर बताया कि उनका रिश्ता मुश्किल दौर से गुजर रहा है. रुबीना ने शो में कहा था कि दोनों तलाक लेने के बारे में सोच चुके थे. घर के अंदर रहने के दौरान दोनों को एक-दूसरे के साथ काफी समय मिला. छोटी-छोटी बातों पर बहस भी हुई और कई बार दोनों ने एक-दूसरे का साथ भी दिया. धीरे-धीरे दोनों के बीच की दूरियां कम होती नजर आईं.
समझने का मिला मौका
शो में साथ रहते हुए उन्हें यह समझने का मौका मिला कि उनके रिश्ते में किन चीजों की कमी रह गई थी. Bigg Boss के सफर के दौरान दोनों ने अपने रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया. शो खत्म होने के बाद भी दोनों साथ रहे और उनके रिश्ते में नया बदलाव दिखाई दिया.
दो बेटियों के पिता हैं अभिनव
आज रुबीना और अभिनव अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं. दोनों दो बेटियों के माता-पिता हैं और परिवार के साथ समय बिताते नजर आते हैं. दोनों की लव स्टोरी और फैमिली के छोटे-बड़े खुशी वाले पल सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं. दोनों ज्यादा समय पहाड़ों में बिताते हैं.