Live TV
Search
  • Home>
  • Photos»
  • माता-पिता के अलग होने का दर्द, ऋचा चड्ढा से प्यार और ‘गुड्डू भैया’ बनकर छाए, ऐसी है अली फजल की कहानी

माता-पिता के अलग होने का दर्द, ऋचा चड्ढा से प्यार और ‘गुड्डू भैया’ बनकर छाए, ऐसी है अली फजल की कहानी

Ali Fazal: 3 इडियट्स में जॉय लोबो बनकर पर्दे पर नजर आए अली फजल आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. फुकरे की कॉमेडी से लेकर मिर्जापुर के गुड्डू पंडित तक, उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है. हालांकि उनकी जिंदगी सिर्फ सफलता की कहानी नहीं है. बचपन में माता-पिता का अलग होना, करियर में अपनी जगह बनाने की जद्दोजहद और ऋचा चड्ढा के साथ प्यार तक, अली की जिंदगी में कई ऐसे मोड़ आए, जिन्होंने उन्हें मजबूत बनाया.

Last Updated: October 15, 2026 | 5:50 PM IST
The pain of parents separating - Photo Gallery
1/5

माता-पिता के अलग होने का दर्द

अली फजल का बचपन कई भावनात्मक चुनौतियों के बीच बीता. अभिनेता ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब वह 12वीं कक्षा में थे, तब उनके माता-पिता अलग हो गए थे. परिवार में आए इस बदलाव का उन पर असर पड़ा. उस दौर में उनके नाना ने उन्हें भावनात्मक सहारा दिया। निजी जिंदगी की इन मुश्किलों के बावजूद अली ने पढ़ाई जारी रखी और धीरे-धीरे अभिनय की दुनिया में अपना रास्ता तलाशना शुरू किया.

Starting with 3 Idiots - Photo Gallery
2/5

3 इडियट्स से शुरुआत

अली फजल ने साल 2009 में आई आमिर खान की फिल्म 3 इडियट्स में जॉय लोबो का किरदार निभाया था. भले ही उनका रोल छोटा था लेकिन कहानी में उसका भावनात्मक महत्व था. इसके बाद फुकरे ने उन्हें दर्शकों के बीच लोकप्रिय बना दिया. अली ने खुद को कॉमेडी तक सीमित नहीं रखा और अलग-अलग तरह के किरदारों में अपनी प्रतिभा दिखाई. अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में काम करने के साथ वेब सीरीज मिर्जापुर में गुड्डू पंडित का किरदार उनके करियर का बड़ा पड़ाव साबित हुआ. इस भूमिका ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई.

A love story with Richa Chadha - Photo Gallery
3/5

ऋचा चड्ढा से प्रेम कहानी

अली फजल की निजी जिंदगी की बात हो तो ऋचा चड्ढा का जिक्र जरूर आता है. दोनों की मुलाकात फिल्म ‘फुकरे’ से जुड़े काम के दौरान हुई थी. धीरे-धीरे दोस्ती गहरी हुई और दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए. उनका रिश्ता समय के साथ मजबूत होता गया. साल 2020 में दोनों ने कानूनी रूप से अपनी शादी रजिस्टर कराई. वहीं कोरोना महामारी के कारण साल 2022 में उन्होंने परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में शादी का जश्न मनाया.

Discussion on interfaith marriage - Photo Gallery
4/5

इंटरफेथ मैरिज पर चर्चा

अली और ऋचा अलग-अलग धर्म के हैं. उनकी शादी के बाद सोशल मीडिया पर इस रिश्ते को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आईं. लोगों ने उनके इस रिश्ते से आपत्ति जताई लेकिन दोनों ने अपने रिश्ते को निजी फैसला बताया और उन बातों को कोई महत्व नहीं दिया. ऋचा भी कह चुकी हैं कि उनके प्यार को राजनीतिक बहस के बजाय दो लोगों के रिश्ते के रूप में देखा जाना चाहिए.

Controversy involving Guddu Bhaiya - Photo Gallery
5/5

गुड्डू भैया से जुड़ा विवाद

अली फजल की पहचान आज गुड्डू भैया के किरदार से भी जुड़ चुकी है. सितंबर 2026 में मिर्जापुर: द मूवी के एक गाने को लेकर विवाद सामने आने की खबरें आईं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के हिंसक दृश्य में राजस्थान के लोक कलाकार रैपरिया बालम के गीत शूरवीर के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई गई और जनहित याचिका दायर हुई. हालांकि ये अली फजल से डायरेक्ट जुड़ा मामला नहीं है.

More News