UP Politics: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले नेताओं का दल-बदल अभियान शुरू हो गया है. गुरुवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में गोंडा के भाजपा नेता भवानी भीख शुक्ला अपने पांच बेटों के साथ साइकिल पर सवार हो गए. सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में हुई जॉइनिंग के दौरान जय भवानी के नारे भी लगे. वे सपा में अकेले नहीं आए हैं. उनके पांच बेटे भी साथ आए हैं. कहा जा रहा है कि इनके साथ में लगभग 2000 अन्य लोग भी सपा में आए हैं क्योंकि कार्यक्रम के दौरान 300 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला आता देखा गया था.
भवानी भीख शुक्ला जिला पंचायत सदस्य हैं. उन्हें पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह का करीबी बताया जाता है. वह करीब 26 सालों से ब्लॉक प्रमुख पद से जुड़े हैं. उनकी पत्नी जुगरानी कटरा बाजार की ब्लॉक प्रमुख हैं. उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत 1999 में भाजपा से हुई. 2009 से 2012 तक वह बसपा में रहे. 2012 से 2017 तक सपा का साथ दिया. 2017 में सपा छोड़कर वह भाजपा में दोबारा आ गए थे. अब एक फिर उनका मन बदला है और उन्होंने सपा में वापसी कर ली है.
कटरा विधायक से हुआ था विवाद
भवानी शुक्ला पांच बेटों भगवान शुक्ला, कृष्ण भगवान शुक्ला, शिव भगवान शुक्ला, विष्णु भगवान शुक्ला और शंकर भगवान शुक्ला को भी अपने साथ सपा में ले आए हैं. गोंडा के कटरा से विधायक बावन सिंह से विवाद के बाद भवानी भीख शुक्ला चर्चा में आए थे. उनका आरोप है कि विधायक उनके परिवार को परेशान कर रहे हैं. उनके मुताबिक,एक साल पहले उनके ब्लॉक में परिवार के साथ मारपीट की गई. आज तक आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. इन्हीं सबसे परेशान होकर भवानी शुक्ला ने भाजपा छोड़कर दोबारा सपा जॉइन करने का फैसला किया.
गोंडा कटरा ब्लॉक के ब्राह्मण समाज के बड़े नेता जिला पंचायत सदस्य भवानी भीख शुक्ला जो बृजभूषण शरण सिंह के करीबी माने जाते हैं समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। #bhawanishukla #samajwadiparty https://t.co/38AwasBZrh
— Sanjay Yadav (@sanjayy90603029) October 15, 2026
2000 समर्थकों की सदस्यता
भवानी शुक्ला और उनके पांच बेटों के अलावा कई गांव प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी और अन्य समर्थकों ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की. बताया जा रहा है कि भवानी शुक्ला के साथ लगभग 2 हजार समर्थक गोंडा से लखनऊ आए. इस दौरान लगभग 300 वाहनों का काफिला देखा गया.