Live TV
Search
  • Home>
  • Photos»
  • चिरंजीवी के भांजे, पवन कल्याण के भतीजे, फिर भी आसान नहीं रहा सफर, हादसे से लेकर लव लाइफ तक ऐसी है साई धरम तेज की कहानी

चिरंजीवी के भांजे, पवन कल्याण के भतीजे, फिर भी आसान नहीं रहा सफर, हादसे से लेकर लव लाइफ तक ऐसी है साई धरम तेज की कहानी

Sai Dharam Tej: मेगास्टार चिरंजीवी के परिवार से ताल्लुक रखने वाले साउथ अभिनेता साई दुर्गा तेज की जिंदगी में शोहरत के साथ कई उतार-चढ़ाव भी आए. करियर में संघर्ष, गंभीर बाइक हादसा, लव लाइफ को लेकर चर्चाएं और मां के प्रति खास लगाव ने उनकी कहानी को दिलचस्प बना दिया. कभी साई धरम तेज के नाम से पहचाने जाने वाले इस अभिनेता ने अपनी मां के सम्मान में नाम बदलकर साई दुर्गा तेज रख लिया.

Last Updated: October 15, 2026 | 6:06 PM IST
Sai Dharam's family - Photo Gallery
1/6

साई धरम का परिवार

तेलुगु सिनेमा में अपनी पहचान बनाने वाले साई दुर्गा तेज का जन्म 15 अक्टूबर 1986 को हुआ था. वह अभिनेता चिरंजीवी के भांजे और पवन कल्याण के भतीजे हैं. उनके परिवार में राम चरण, वरुण तेज और निहारिका कोनिडेला जैसे कई चर्चित कलाकार हैं. फिल्मी माहौल में पले-बढ़े साई के पास सिनेमा को करीब से समझने का मौका जरूर था लेकिन अपनी अलग पहचान बनाना उनके लिए सबसे अहम था.

How well-educated is Sai Dharam? - Photo Gallery
2/6

कितने पढ़े-लिखे हैं साई धरम?

दिलचस्प बात यह है कि अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने पढ़ाई पर भी ध्यान दिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई की और एमबीए भी किया. हालांकि, उनका मन आखिरकार फिल्मों में रम गया. साल 2014 में फिल्म ‘पिल्ला नुव्वु लेनि जीविथम’ से उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत की.

The path has not been easy - Photo Gallery
3/6

आसान नहीं रहा रास्ता

शुरुआती फिल्मों से पहचान मिलने के बाद भी साई दुर्गा तेज के लिए लगातार सफलता हासिल करना आसान नहीं था. करियर में ऐसे दौर भी आए, जब उन्हें अपनी फिल्मों के जरिए दर्शकों का भरोसा बनाए रखने की चुनौती का सामना करना पड़ा. ‘सुब्रमण्यम फॉर सेल’ और ‘चित्रलहरी’ जैसी फिल्मों ने उनके सफर को आगे बढ़ाया.

An accident changed life - Photo Gallery
4/6

एक हादसे ने बदल दी जिंदगी

सितंबर 2021 में हैदराबाद में बाइक चलाते समय साई दुर्गा तेज गंभीर सड़क हादसे का शिकार हो गए. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जिसके बाद उनके प्रशंसक उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए. रिकवरी के दौरान उन्हें काफी समय तक आराम करना पड़ा. धीरे-धीरे उन्होंने काम पर वापसी की. इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और हेलमेट पहनने की अहमियत पर भी लोगों का ध्यान खींचा.

love life Also a topic of discussion - Photo Gallery
5/6

लव लाइफ को लेकर भी चर्चा

साई दुर्गा तेज की निजी जिंदगी को लेकर भी कई बार चर्चाएं हुईं. अभिनेत्री रेजिना कैसेंड्रा और मेहरीन पीरजादा के साथ उनका नाम जोड़े जाने की खबरें सामने आईं. साल 2025 में आई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता ने अपनी निजी जिंदगी पर बात करते हुए बताया था कि साल 2023 में उनका ब्रेकअप हुआ था और उनकी पूर्व प्रेमिका कॉलेज के दिनों की दोस्त थीं. उनका नाम चचेरी बहन निहारिका कोनिडेला के साथ शादी की अफवाहों में भी जोड़ा गया था. साल 2017 में उन्होंने इन खबरों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया था कि निहारिका उनके लिए बहन जैसी हैं.

Name changed in honor of mother - Photo Gallery
6/6

मां के सम्मान में बदला नाम

साई दुर्गा तेज की जिंदगी का एक भावुक पहलू उनकी मां विजया दुर्गा के प्रति उनका लगाव है. मार्च 2024 में उन्होंने अपना नाम बदलकर साई दुर्गा तेज रखने का ऐलान किया. यह फैसला उन्होंने अपनी मां के सम्मान में लिया. उनके लिए यह बदलाव महज नाम तक सीमित नहीं था बल्कि मां के प्रति प्यार और कृतज्ञता जताने का एक खास तरीका था.

More News