Pooja Hegde: मिस इंडिया से साउथ और बॉलीवुड तक बनाई पहचान, फ्लॉप फिल्मों से लेकर ट्रोलिंग तक झेला मुश्किल दौर
Pooja Hegde: ग्लैमर की दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखती है, उसके पीछे की मेहनत और संघर्ष की कहानी उतनी ही मुश्किल होती है. एक्ट्रेस पूजा हेगड़े की जिंदगी भी कुछ ऐसी ही रही है. कभी अपनी खूबसूरती और शानदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने वाली पूजा ने कई बड़ी फिल्मों में काम किया, तो कभी लगातार फ्लॉप फिल्मों के कारण उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा. उन्होंने निजी जिंदगी को लेकर उड़ती अफवाहों और सोशल मीडिया ट्रोलिंग भी झेली.
मॉडलिंग से शुरू हुआ सफर
13 अक्टूबर 1990 को मुंबई में जन्मीं पूजा हेगड़े ने सीधे फिल्मों में कदम नहीं रखा था. उन्होंने पहले मॉडलिंग की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की कोशिश की. साल 2010 में उन्होंने मिस यूनिवर्स इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और सेकंड रनर-अप रहीं. यहीं से उनके लिए मनोरंजन की दुनिया के दरवाजे खुलने लगे. पूजा ने मुंबई के एम.एम.के. कॉलेज से कॉमर्स की पढ़ाई की और वह प्रशिक्षित भरतनाट्यम डांसर भी हैं.
साउथ सिनेमा से बॉलीवुड तक का सफर
पूजा ने साल 2012 में तमिल फिल्म 'मुगामूडी' से अभिनय की शुरुआत की. इसके बाद वह तेलुगु फिल्मों में नजर आईं. अल्लू अर्जुन के साथ 'डीजे', जूनियर एनटीआर की 'अरविंदा समेथा' और महेश बाबू की 'महर्षि' जैसी फिल्मों ने उन्हें साउथ सिनेमा में पहचान दिलाई. साल 2016 में ऋतिक रोशन के साथ फिल्म 'मोहनजो दड़ो' से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा. हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई लेकिन पूजा को हिंदी सिनेमा में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का मौका मिला. बाद में 'हाउसफुल 4' और 'अला वैकुंठपुरमुलू' जैसी फिल्मों ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाया.
जब फ्लॉप फिल्मों ने बढ़ाई मुश्किलें
पूजा के करियर में साल 2022 मुश्किल दौर लेकर आया। 'राधे श्याम', 'बीस्ट' और 'आचार्य' जैसी फिल्मों से काफी उम्मीदें थीं लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा. प्रभास, विजय और राम चरण जैसे बड़े सितारों के साथ काम करने के बावजूद फिल्मों की असफलता ने पूजा के करियर पर सवाल खड़े कर दिए.
अफवाहों और ट्रोलिंग से भी पड़ा सामना
सलमान खान के साथ 'किसी का भाई किसी की जान' में काम करने के दौरान पूजा का नाम सलमान खान के साथ जोड़ा गया. हालांकि, उन्होंने अप्रैल 2023 में इन अटकलों को खारिज करते हुए खुद को सिंगल बताया था. प्रभास के साथ कथित अनबन की खबरें भी चर्चा में रहीं लेकिन दोनों में से किसी ने इनकी पुष्टि नहीं की. मार्च 2025 में पूजा ने ऑनलाइन ट्रोलिंग और कथित पेड नेगेटिव पोस्ट को लेकर भी अपनी परेशानी जाहिर की थी.
फिर काम से बनाई जगह
मुश्किल दौर के बावजूद पूजा ने काम करना जारी रखा. साल 2025 में वह शाहिद कपूर के साथ 'देवा', सूर्या की तमिल फिल्म 'रेट्रो' और रजनीकांत की 'कूली' के डांस नंबर 'मोनिका' को लेकर चर्चा में रहीं. हाल ही में वे राजनीतिक एक्शन बेस्ड मच अवेटेड फिल्म जन नायकन में थलपति विजय के साथ नजर आईं. ये इसलिए भी खास है क्योंकि ये थलपति के करियर की आखिरी फिल्म है. इसके अलावा वे 31 दिसंबर को रिलीज होने वाली फिल्म कंचना 4 में नजर आएंगी.