80 फिल्मों के बाद भी काम छूटा, जिम चलाने लगे राहुल देव; पत्नी को खोया, फिर मुग्धा गोडसे ने थामी जिंदगी
Rahul Dev: राहुल देव को बॉलीवुड में अक्सर उनके दमदार लुक और खलनायक वाले किरदारों के लिए याद किया जाता है. हालांकि पर्दे पर हमेशा मजबूत नजर आने वाले इस अभिनेता की असली जिंदगी में एक ऐसा दौर आया, जब पत्नी को खोने के बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली. 80 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके राहुल लगभग साढ़े चार साल इंडस्ट्री से दूर रहे. जब वे वापस लौटे तो उनके पास काम नहीं था. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें लगा जैसे इंडस्ट्री उन्हें भूल चुकी है.
क्रिकेटर बनना चाहते थे
राहुल देव का जन्म दिल्ली में हुआ और पढ़ाई के साथ उनका रुझान क्रिकेट की तरफ था. वह दिल्ली स्टेट लेवल तक क्रिकेट खेल चुके हैं. परिवार में पढ़ाई को काफी महत्व दिया जाता था और उनसे इंजीनियर बनने की उम्मीद थी. उन्होंने टाटा में कुछ समय नौकरी भी की. इसी दौरान उनकी मुलाकात मॉडलिंग की दुनिया से हुई और उनका लुक फैशन डिजाइनरों को पसंद आया. इसके बाद मॉडलिंग से होते हुए उनके लिए फिल्मों के दरवाजे खुल गए.
पत्नी रीना का निधन
राहुल देव ने रीना से शादी की थी और दोनों का एक बेटा सिद्धार्थ है. साल 2009 में कैंसर की वजह से रीना का निधन हो गया. उस वक्त बेटा छोटा था. पत्नी के जाने के बाद राहुल ने अपने बेटे की परवरिश को प्राथमिकता दी और फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली. उन्होंने बाद में बताया कि वह सिंगल पैरेंट बनने के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थे लेकिन हालात ने उन्हें यह जिम्मेदारी निभाना सिखाया.
चलाया जिम
फिल्मों से दूर रहने के दौरान राहुल ने दिल्ली में फिटनेस बिजनेस और जिम का काम भी शुरू किया. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि एक समय दिल्ली में उनके छह जिम थे. हालांकि यह कारोबार लंबे समय तक नहीं चल पाया और उन्हें एहसास हुआ कि एक्टिंग की दुनिया से उनका रिश्ता अभी खत्म नहीं हुआ है.
गुरु की एक सलाह ने बदली जिंदगी
राहुल की जिंदगी में 2013 के आसपास उनके आध्यात्मिक गुरु श्री तरनेव जी का प्रभाव बढ़ा. जब राहुल करियर को लेकर लगभग पीछे हट चुके थे, तब गुरु ने उन्हें दोबारा अपने काम की तरफ लौटने की प्रेरणा दी. बाद में जब 'बिग बॉस' का ऑफर आया तो राहुल खुद इसे लेकर आश्वस्त नहीं थे. हालांकि गुरु की सलाह थी कि शुरुआत कहीं से तो करनी होगी. राहुल ने शो किया और इसके बाद उनके करियर ने फिर रफ्तार पकड़ी.
मुग्धा गोडसे के साथ रिश्ता
एक वक्त बाद राहुल देव की जिंदगी में मॉडल और एक्ट्रेस मुग्धा गोडसे की एंट्री हुई. दोनों लंबे समय से साथ हैं और उनके रिश्ते को लेकर अक्सर शादी के सवाल भी पूछे जाते रहे हैं. राहुल ने एक इंटरव्यू में कहा था कि रिश्ते को निभाने के लिए किसी टैग की जरूरत नहीं होती.