BCCI से लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया तक… ये हैं दुनिया के 5 सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड, पाकिस्तान-बांग्लादेश कहां?
बीसीसीआई
बीसीसीआई इस लिस्ट में पहले नंबर पर है. अनुमानित संपत्ति करीब 2.2 अरब डॉलर यानी 18,760 करोड़ रुपये है. भारत में क्रिकेट की जबरदस्त लोकप्रियता इसका सबसे बड़ा कारण है. इसके अलावा आईपीएल, टीवी और डिजिटल प्रसारण अधिकार, स्पॉन्सरशिप और दूसरी डील से भी बीसीसीआई को काफी पैसा मिलता है.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर है. उसकी अनुमानित संपत्ति करीब 79 मिलियन डॉलर यानी 656 करोड़ रुपये है. ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट काफी पुराना और लोकप्रिय खेल है. अंतरराष्ट्रीय मैचों के अलावा घरेलू टूर्नामेंट, टीवी राइट्स और स्पॉन्सरशिप से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की अच्छी कमाई होती है.
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड
तीसरे नंबर पर इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ईसीबी है. ईसीबी की अनुमानित संपत्ति करीब 59 मिलियन डॉलर यानी 490 करोड़ रुपये है. इंग्लैंड में क्रिकेट का मजबूत घरेलू ढांचा है. अंतरराष्ट्रीय मैचों के अलावा द हंड्रेड जैसी प्रतियोगिताओं से भी बोर्ड को कमाई होती है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड चौथे नंबर पर
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी करीब 55 मिलियन डॉलर यानी 457 करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति के साथ चौथे नंबर पर है. पाकिस्तान में क्रिकेट को लेकर लोगों में काफी जुनून है और टीम की दुनिया भर में बड़ी फैन फॉलोइंग है. इसके बावजूद पैसों के मामले में पीसीबी बीसीसीआई से काफी पीछे है.
बांग्लादेश भी टॉप-5 में शामिल
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीबी करीब 51 मिलियन डॉलर यानी 423 करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति के साथ पांचवें नंबर पर है. बांग्लादेश को साल 2000 में आईसीसी की पूर्ण सदस्यता मिली थी. इसके बाद वहां क्रिकेट की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है. अंतरराष्ट्रीय मैचों और स्पॉन्सरशिप से बीसीबी को अच्छी कमाई होती है.
ऑस्ट्रेलिया से 25 गुना ज्यादा अमीर बीसीसीआई
इस लिस्ट को देखकर सबसे ज्यादा ध्यान बीसीसीआई और बाकी बोर्ड के बीच के बड़े अंतर पर जाता है. बीसीसीआई की अनुमानित संपत्ति 2.2 अरब डॉलर है, जो दूसरे नंबर के क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से 25 गुना से भी ज्यादा है. वहीं पाकिस्तान और बांग्लादेश क्रमशः चौथे और पांचवें नंबर पर हैं. यानी क्रिकेट की लोकप्रियता के साथ-साथ कमाई के मामले में भी भारत काफी आगे है.