17 साल में बनीं हीरोइन, फिर बेटी के लिए छोड़ी फिल्मी दुनिया, ऐसे बदली रुखसार रहमान की जिंदगी
Rukhsar Rehman: फिल्मी दुनिया में कदम रखते ही हर कलाकार को कामयाबी मिल जाए, यह जरूरी नहीं. कुछ सितारों की जिंदगी में ऐसे मोड़ आते हैं, जो उनके करियर की दिशा ही बदल देते हैं. अभिनेत्री रुखसार रहमान की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. महज 17 साल की उम्र में फिल्मों में आने वाली रुखसार ने कम उम्र में शोहरत देखी लेकिन निजी जिंदगी की मुश्किलों के चलते उन्हें अभिनय से दूरी बनानी पड़ी.
कम उम्र में शुरू हुआ फिल्मों का सफर
रुखसार रहमान ने साल 1992 में फिल्म याद रखेगी दुनिया से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी. उस समय उनकी उम्र महज 17 साल थी. इसके बाद वह ऋषि कपूर के साथ फिल्म इंतहा प्यार की में नजर आईं. कम उम्र में बड़े पर्दे पर जगह बनाना उनके लिए बड़ी उपलब्धि थी. ऐसा लग रहा था कि उनका फिल्मी सफर तेजी से आगे बढ़ेगा.
शादी के बाद बदल गई जिंदगी की राह
शुरुआती फिल्मों के बाद रुखसार की जिंदगी में ऐसा दौर आया, जिसने उनके करियर को रोक दिया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिवार उनके अभिनय करियर को लेकर सहज नहीं था. शादी के बाद उन्हें फिल्मों से दूरी बनानी पड़ी. इस दौरान उनके हाथ से कई बड़े प्रोजेक्ट निकल गए. बताया जाता है कि वह रोजा, बाजीगर और 1942: ए लव स्टोरी जैसी फिल्मों में काम करने के मौके गंवा बैठीं.
छोटी उम्र में बनीं मां
रुखसार की निजी जिंदगी में मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं. उनकी शादी टूटने लगी और उन्हें अपनी जिंदगी के बारे में बड़ा फैसला लेना पड़ा. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि महज 19 साल की उम्र में वह अपनी आठ महीने की बेटी आयशा को लेकर पति से अलग हो गई थीं. इतनी कम उम्र में बेटी की जिम्मेदारी उठाना आसान नहीं था लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी.
बेटी की परवरिश के लिए शुरू किया नया काम
फिल्मों से दूर होने के बाद रुखसार अपने गृहनगर रामपुर लौट गईं. उस समय उनके सामने बेटी की परवरिश और घर चलाने की चुनौती थी. रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए कपड़ों का बुटीक शुरू किया. जिंदगी अब फिल्मों के सेट से दूर थी लेकिन अभिनय का सपना उनके मन में कहीं न कहीं बना रहा. आखिरकार उन्होंने दोबारा मुंबई लौटने का फैसला किया.
लंबे ब्रेक के बाद बड़े पर्दे पर वापसी
रुखसार ने साल 2005 में फिल्म ‘डी’ और ‘सरकार’ के जरिए अभिनय की दुनिया में वापसी की. इस बार उनका सफर पहले से अलग था. उन्होंने सिर्फ मुख्य भूमिकाओं तक खुद को सीमित नहीं रखा बल्कि अलग-अलग तरह के किरदार निभाए. आगे चलकर वह पीके, शैतान, उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक और 83 जैसी फिल्मों में दिखाई दीं. फिल्मों के साथ उन्होंने टीवी और ओटीटी पर भी काम किया.
बेटी ने भी चुनी एक्टिंग
रुखसार की बेटी आयशा अहमद ने भी मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बनाई. वह वेब सीरीज और फिल्मों में काम कर चुकी हैं. वहीं रुखसार ने अभिनय के दूसरे रूपों को भी अपनाया और निर्भया जैसे मंचीय प्रोडक्शन का हिस्सा बनीं.