Shakti Kapoor: पिता के बिजनेस से बॉलीवुड तक का सफर, विलेन बनकर मचाई धूम, 700 फिल्मों में दिखाया दम
Shakti Kapoor: बॉलीवुड में शक्ति कपूर का नाम आते ही दर्शकों के जहन में कभी खतरनाक विलेन वाला किरदार, तो कभी मजेदार कॉमेडियन का किरदार सामने आता है. उन्होंने अपने लंबे करियर में लगभग 700 फिल्मों में काम किया. वे हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में शामिल रहे, जिन्होंने विलेन से लेकर कॉमेडी तक लगभग हर तरह के किरदार में हाथ आजमाया और महारथ हासिल की. दिलचस्प बात ये है कि वे एक्टिंग में अपना करियर नहीं बनाना चाहते थे.
एक्टिंग में नहीं बनना चाहते थे करियर
शक्ति कपूर का असली नाम सुनील सिकंदलाल कपूर था. उनका जन्म 3 सितंबर 1952 को दिल्ली में हुआ था. उनके परिवार का कपड़ों का कारोबार था और शुरुआत में उनका भी मन उसी काम में था. हालांकि किस्मत उन्हें धीरे-धीरे फिल्मों की तरफ ले गई. दिल्ली के किरोड़ीमल कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उन्हें एक्टिंग में दिलचस्पी बढ़ी। बाद में उन्होंने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) में दाखिला लिया. यहीं से उनके लिए बॉलीवुड जाने का रास्ता खुला.
विलेन बनकर मिली पहचान
शक्ति कपूर को फिल्मों में शुरुआती पहचान नेगेटिव किरदारों से मिली. उन्होंने खेल खिलाड़ी का, कुर्बानी और रॉकी जैसी फिल्मों में जो किरदार निभाए, उनसे अलग ही छाप छोड़ी. उनकी भारी आवाज, खास अंदाज और डायलॉग बोलने की शैली ने उन्हें बाकी कलाकारों से अलग पहचान दी. हालांकि शक्ति कपूर सिर्फ विलेन बनकर सीमित नहीं रहना चाहते थे. उन्होंने कॉमेडी में भी हाथ आजमाया और यही फैसला आगे चलकर उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट बना.
'क्राइम मास्टर गोगो' ने बनाया कॉमेडी स्टार
फिल्म 'अंदाज अपना अपना' में उनका किरदार क्राइम मास्टर गोगो आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है. उनके डायलॉग और अजीबोगरीब अंदाज फिल्म के सबसे यादगार हिस्सों में शामिल रहा. इसके बाद उन्होंने बोल राधा बोल, राजा बाबू, कुली नंबर 1 और साजन चले ससुराल जैसी फिल्मों में उनके कॉमिक किरदार निभाए.
साली की कराई शादी
शक्ति कपूर ने अपनी साली पद्मिनी कोल्हापुरे की शादी में कन्यादान कर शादी की रस्में निभाई थीं. बता दें कि पद्मिनी कोल्हापुरे की शादी साल 1986 में फिल्म निर्माता टूटू शर्मा यानी प्रदीप शर्मा से हुई थी. उनके माता-पिता इस शादी से नाराज थे, जिसके कारण शादी में शामिल नहीं हुए थे. इस दौरान शक्ति कपूर ने उनकी शादी की रस्में निभाई थीं.
शक्ति कपूर का परिवार
शक्ति कपूर ने एक्ट्रेस शिवांगी कोल्हापुरी से शादी की. दोनों के दो बच्चे हैं. एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर उनकी बेटी हैं. वहीं उनके बेटे का नाम सिद्धांत कपूर है. श्रद्धा कपूर ने भी बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी एक्टिंग से लेकर सादगी तक लोगों को काफी पसंद आती है.