Tata Curvv Series X Launch Price: टाटा मोटर्स ने अपनी लोकप्रिय एसयूवी कर्व की नई रेंज बाजार में उतार दी है. कंपनी ने कर्व सीरीज एक्स को पेश किया है, जो मौजूदा स्टैंडर्ड वर्जन की जगह लेगी. नई रेंज को खास तौर पर ग्राहकों को ज्यादा फीचर्स और बेहतर वैल्यू देने के हिसाब से तैयार किया गया है. यानी कंपनी ने वेरिएंट लाइनअप में बदलाव करते हुए कुछ ऐसे फीचर्स निचले वेरिएंट्स में भी जोड़ दिए हैं, जो पहले ज्यादा कीमत वाले मॉडल में मिलते थे. कर्व सीरीज एक्स को कुल 6 वेरिएंट्स में पेश किया गया है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹9.99 लाख रखी गई है, जबकि टॉप वेरिएंट के लिए ग्राहकों को ₹18.50 लाख तक खर्च करने होंगे.
6 वेरिएंट में आएगी नई कर्व सीरीज एक्स
नई रेंज में कंपनी ने वेरिएंट लाइनअप को रिशफल किया है. कर्व सीरीज एक्स में स्मार्ट एक्स, प्योर एक्स, प्योर एक्स प्लस, क्रिएटिव एक्स प्लस, एकॉम्प्लिश एक्स और एकॉम्प्लिश एक्स प्लस शामिल हैं. कंपनी का फोकस इस बार कम कीमत वाले वेरिएंट्स में ज्यादा उपयोगी फीचर्स उपलब्ध कराने पर है. इससे ग्राहक अपने बजट के भीतर पहले के मुकाबले ज्यादा सुविधाओं वाला मॉडल चुन सकेंगे.
₹9.99 लाख से शुरू, टॉप मॉडल ₹18.50 लाख का
टाटा कर्व सीरीज एक्स की शुरुआती कीमत ₹9.99 लाख एक्स-शोरूम है. यह स्मार्ट एक्स वेरिएंट की कीमत है. वहीं प्योर एक्स वेरिएंट की शुरुआती कीमत ₹11 लाख है. रेंज के सबसे ऊपर एकॉम्प्लिश एक्स प्लस वेरिएंट है, जिसकी कीमत ₹18.50 लाख एक्स-शोरूम है. इसका डार्क एडिशन ₹18.75 लाख एक्स-शोरूम में उपलब्ध होगा.
कम कीमत वाले मॉडल में भी मिलेंगे बड़े फीचर्स
नई रेंज की सबसे खास बात इसका फीचर अपडेट है. प्योर एक्स वेरिएंट से 10.25 इंच की इंफोटेनमेंट स्क्रीन मिलने लगेगी. इसके साथ वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कारप्ले, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल, पुश-बटन स्टार्ट और ऑटो-फोल्डिंग ओआरवीएम जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं. ऊपरी वेरिएंट्स में 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, मल्टीपल ड्राइव मोड्स, फ्रंट और रियर यूएसबी पोर्ट और कूल्ड ग्लवबॉक्स जैसे फीचर्स मिलते हैं.
पीछे बैठने वालों के लिए भी बढ़ी सुविधाएं
कर्व के केबिन को हल्के रंग के इंटीरियर के साथ ज्यादा खुला और एयरी फील देने की कोशिश की गई है. रियर पैसेंजर्स के लिए अलग एसी वेंट्स, रियर आर्मरेस्ट और रिक्लाइनिंग रियर सीट्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं. इसके अलावा एसयूवी में 360 डिग्री कैमरा, पैनोरमिक सनरूफ, ब्लाइंड-व्यू मॉनिटर, रेन-सेंसिंग वाइपर और ऑटोमैटिक हेडलैंप्स भी मिलते हैं.
सुरक्षा के लिए 6 एयरबैग समेत कई फीचर्स
सेफ्टी के मामले में भी टाटा कर्व सीरीज एक्स में कई फीचर्स दिए गए हैं. इसमें 6 एयरबैग, ईपीएस, हिल-होल्ड कंट्रोल, एबीएस, ईबीडी और रियर पार्किंग सेंसर शामिल हैं. नई सीरीज एक्स के साथ कंपनी ने इंजन लाइनअप में कोई बदलाव नहीं किया है. एसयूवी पहले की तरह तीन इंजन विकल्पों के साथ उपलब्ध होगी. यानी नई रेंज में मुख्य बदलाव फीचर्स, वेरिएंट पोजिशनिंग और ग्राहकों को मिलने वाली वैल्यू के स्तर पर किया गया है. टाटा कर्व सीरीज एक्स को ग्राहकों के लिए प्रिस्टीन व्हाइट, प्योर ग्रे, नाइट्रो क्रिमसन, ओपेरा ब्लू और ऑब्सीडियन ब्लैक जैसे पांच रंगों में पेश किया गया है.