Mumtaz Superhit Song: एक जमाना था, जब फिल्मों के गाने सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं होते थे. वे लोगों की जिंदगी और फैशन का हिस्सा बन जाते थे. रेडियो पर कोई धुन बजती तो घर के काम करते हाथ ठहर जाते और लोग उन गानों को महसूस करने लगते और गुनगुनाने लगते थे. 60 और 70 के दशक में हिंदी सिनेमा का ऐसा ही दौर हुआ करता था. पर्दे पर दिखने वाले एक्टर्स का अंदाज अगले दिन लोगों के बीच चर्चा का विषय बन जाता था. इसी दौर में मुमताज ने एक ऐसा साड़ी लुक पेश किया, जिसने महिलाओं के पहनावे की तस्वीर ही बदल दी थी. हम बात कर रहे हैं मुमताज के सदाबहार गाने ‘आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे’ की, जो उस दौर में लोगों का पसंदीदा गाना हुआ करता था, जिसे आज भी लोग पसंद करते हैं.
शम्मी कपूर और मुमताज पर फिल्माया गया था गाना
साल 1968 में रिलीज हुई फिल्म ‘ब्रह्मचारी’ का यह गाना शम्मी कपूर और मुमताज पर फिल्माया गया था. गाने में मुमताज का चुलबुला अंदाज और उनकी खास साड़ी स्टाइल दर्शकों को खूब पसंद आई. उस दौर में जहां साड़ी को पारंपरिक तरीके से पहनने का चलन था. वहीं मुमताज ने इसे शरीर से सटाकर एक अलग अंदाज में ड्रेप किया. उनकी यह स्टाइल इतनी लोकप्रिय हुई कि धीरे-धीरे यह एक फैशन ट्रेंड बन गई.
मुमताज की साड़ी बनी पहचान
मुमताज का यह लुक आगे चलकर उनकी पहचान से जुड़ गया. साड़ी के साथ उनका हेयरस्टाइल, कॉन्फिडेंस और स्क्रीन प्रेजेंस ने उनके अंदाज को और भी खास बनाया था. उस समय की कई महिलाएं उनकी साड़ी के उस स्टाइल से काफी प्रेरित हुई थीं. दशकों बाद भी जब पुराने बॉलीवुड के फैशन की चर्चा होती है, तो मुमताज का यह साड़ी स्टाइल सबसे पहले याद आता है.
आवाज और संगीत का भी रहा जादू
‘आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे’ को मोहम्मद रफी और सुमन कल्याणपुर ने आवाज दी थी. इसके बोल हसरत जयपुरी ने लिखे थे. वहीं इसका संगीत शंकर-जयकिशन की मशहूर जोड़ी ने दिया था. गीत की चुलबुली धुन ने इसे और भी खास बना दिया था. 57 साल बाद भी इस गीत की लोकप्रियता कम नहीं हुई है. रेट्रो पार्टियों से लेकर सोशल मीडिया रील्स तक, इसकी धुन सुनाई देती है.