Saharanpur PNB Fake Currency Case: उत्तर प्रदेश की सहारनपुर बैंक की करेंसी चेस्ट में रखे करोड़ों रुपये के नोटों में इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट मिलने से हड़कंप मच गया था. सोफिया मार्केट स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की करेंसी चेस्ट में नकली नोट मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस घटना की शुरुआत में 7.40 करोड़ रुपये के नकली नोट बरामद किए गए थे. वहीं अब ये आंकड़ा बढ़कर 17 करोड़ 29 लाख रुपये तक पहुंच गया है. 100 और 200 रुपये के नोटों की गिनती शुरू होने के बाद नकली नोटों की नई रकम सामने आई है.
नकली नोट मिलने से मचा हड़कंप
मामले की जांच के मुताबिक, RBI और PNB मुख्यालय की 35 सदस्यीय टीम करेंसी चेस्ट का ऑडिट कर रही है. वहीं पुलिस की सात सदस्यीय SIT भी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. जांच टीम का मुख्य फोकस ये पता लगाने पर है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे और आखिर ये प्रक्रिया किस तरह से शुरू हुई.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पांच अगस्त को करेंसी चेस्ट से करीब 11.50 करोड़ रुपये RBI जयपुर भेजे गए थे. इनमें गले, कटे और अन्य नोट शामिल थे. जयपुर में गिनती के दौरान करीब 4.30 लाख रुपये कम पाए गए. इसके बाद करेंसी चेस्ट के रिकॉर्ड और नोटों की जांच शुरू हुई. सबसे पहले 500 रुपये के बंडलों की गिनती की गई, जिसमें करोड़ों रुपये के नकली नोट मिले. सोमवार तक नकली नोटों की रकम 17 करोड़ रुपये हो चुकी थी. बुधवार को 100 और 200 रुपये के बंडलों की जांच शुरू हुई तो इसमें 29 लाख रुपये और नकली निकले.
ये भी पढ़ें: दो दिन में 10 हजार रुपये सस्ती हुई चांदी, खरीदारी का बना मौका? जानें आज दिल्ली से लेकर बड़े शहरों तक का भाव
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मामले में पीएनबी के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील कुमार और अमित कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है. तीनों के खिलाफ सर्च वारंट भी जारी किए गए हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. अब जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि 17.29 करोड़ रुपये की नकली करेंसी के पीछे आखिर कौन है और यह रकम बैंक की करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंची?
ये भी पढ़ें: Delhi Crime: बिहार की युवती और राजस्थान का युवक… दिल्ली आकर होटल में लिया कमरा और फिर किया कांड