3
AUS vs BAN 2nd Test Highlights: : मिचेल स्टार्क के दोनों पारियों में मिलाकर 10 विकेट के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट में पारी और 51 रन से हरा दिया. इस तरह दोनों टीमों के बीच दो मैचों की यह सीरीज बराबरी पर समाप्त हुई. तेज गेंदबाजों के दबदबे वाली मकाय की पिच पर यह मुकाबला दो दिन के भीतर ही खत्म हो गया. खेल के पहले ही दिन दोनों टीमों के मिलाकर कुल 18 विकेट गिरे थे. वहीं दूसरे दिन टी-ब्रेक के बाद पहले ही ओवर में बांग्लादेश की दूसरी पारी 95 रन पर सिमट गई, जिससे ऑस्ट्रेलिया को एक बड़ी जीत मिली.
मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी का फैसला किया था. नई गेंद से कंगारू गेंदबाजों ने ऐसा कहर बरपाया कि बांग्लादेश की पहली पारी सिर्फ 64 रन के स्कोर पर सिमट गई. खास तौर पर मिचेल स्टार्क के सामने बांग्लादेश की हालत खराब रही. मिचेल स्टार्क ने पहली पारी में 10 ओवर में 12 रन देकर 6 विकेट लिए थे. सिर्फ इतना ही नहीं, स्टार्क ने महज 22 गेंदों में अपना पंजा खोलकर बांग्लादेश को दहला दिया था. पहली पारी में स्टार्क के अलावा पैट कमिंस ने 3 और जोश हेजलवुड ने 1 विकेट हासिल किया था.
बल्लेबाजी में बुरी तरह फेल रही बांग्लादेशी टीम के लिए गेंदबाजी में शोरिफुल इस्लाम ने कहर बरपाया. इस्लाम ने अकेले ऑस्ट्रेलिया के 7 बल्लेबाजों को आउट किया. एक समय लगा कि बांग्लादेश की टीम मैच में वापसी कर लेगी, लेकिन कैमरून ग्रीन और स्टीव स्मिथ की उपयोगी पारियों से ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 210 रन बनाकर 146 रनों की बढ़त हासिल कर ली. बल्लेबाजी में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ग्रीन ने 67 रनों की पारी खेली, जबकि स्मिथ ने 42 और निचले क्रम में नाथन लायन ने 32 रनों का योगदान दिया था.
दूसरी पारी में भी बांग्लादेश की बल्लेबाजी फ्लॉप
मकाय की पिच पर ऑस्ट्रेलियाई पेसर्स के सामने बांग्लादेश की दूसरी पारी भी फ्लॉप रही. बांग्लादेश की दूसरी पारी सिर्फ 95 रनों पर सिमट गई. टीम के लिए इस पारी में सिर्फ दो ही बल्लेबाज ऐसे रहे जिन्होंने दहाई के आंकड़े को छुआ, जिनमें नजमुल हसन शंटो ने 31 रन बनाए. इसके अलावा मुशफिकुर रहीम ने 29 रनों का योगदान दिया. इन दोनों के अलावा और कोई भी बल्लेबाज अपने रंग में नहीं दिखा, जिसके कारण बांग्लादेश को शर्मनाक हार झेलनी पड़ी.
मिचेल स्टार्क ने मैच में लिए 10 विकेट
डार्विन में बांग्लादेश के खिलाफ मिली हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने मकाय में दमदार वापसी की. दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों ने बांग्लादेश के बल्लेबाजी क्रम को झकझोर कर रख दिया. खास तौर पर मिचेल स्टार्क ने अपनी गेंदबाजी से खूब आग बरसाई. स्टार्क ने टीम के लिए दोनों पारियों को मिलाकर 10 विकेट अपने नाम किए. कप्तान पैट कमिंस ने भी दोनों पारियों में मिलाकर 6 विकेट हासिल किए. इसके अलावा नाथन लायन ने 3 और जोश हेजलवुड ने 1 सफलता प्राप्त की.