साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका के विस्फोटक बाएं हाथ के बल्लेबाज डेविड मिलर ने बल्ले से जबरदस्त तबाही मचाई है. जोहान्सबर्ग में खेले जा रहे इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 365 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया के सामने 366 रनों का विशाल लक्ष्य रखा. दक्षिण अफ्रीका को इस मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में डेविड मिलर की भूमिका सबसे अहम रही. उन्होंने महज 93 गेंदों में 142 रनों की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 9 छक्के शामिल थे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 152.69 का रहा. मिलर ने मात्र 73 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. इस शानदार शतक के साथ ही उन्होंने अपने नाम तीन बड़े रिकॉर्ड दर्ज कर लिए हैं.
1. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे तेज वनडे शतक (दक्षिण अफ्रीका)
73 गेंदों में शतक लगाकर डेविड मिलर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में सबसे तेज शतक जड़ने वाले तीसरे दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज बन गए हैं.
- हेनरिक क्लासेन: 57 गेंद (सेंचुरियन, 2023)
- डेविड मिलर: 69 गेंद (डरबन, 2016)
- डेविड मिलर: 73 गेंद (जोहान्सबर्ग, 2026)
- क्विंटन डी कॉक: 74 गेंद (सेंचुरियन, 2016)
- एडन मार्करम: 74 गेंद (पोटचेफस्ट्रूम, 2023)
2. एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा
इस शतक के साथ ही डेविड मिलर ने भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया है. नंबर 5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए वनडे में मिलर के नाम अब 8 शतक हो गए हैं, जबकि धोनी ने नंबर 5 या उससे निचले क्रम पर 7 शतक लगाए थे.
इस सूची में इंग्लैंड के जोस बटलर भी 8 शतकों के साथ शीर्ष पर हैं.
नंबर 5 या उससे नीचे सबसे ज्यादा वनडे शतक:
- जोस बटलर: 8 शतक
- डेविड मिलर: 8 शतक
- एमएस धोनी: 7 शतक
- युवराज सिंह: 7 शतक
3. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका के लिए दूसरे सबसे ज्यादा शतक
डेविड मिलर अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका की तरफ से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस शीर्ष पर हैं.
- फाफ डु प्लेसिस: 5 शतक (21 पारियां)
- डेविड मिलर: 4 शतक (28 पारियां)
- क्विंटन डी कॉक: 3 शतक (32 पारियां)
- हर्शल गिब्स: 3 शतक (44 पारियां)