IND vs ENG T20 Series Timing Change: भारतीय टीम अगले महीने यानी जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर टी20 और वनडे सीरीज खेलने के लिए जाएगी. 1 जुलाई से 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज शुरू होगी, जिसमें 15 साल के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी खेलते दिखाई देंगे. ये सभी मुकाबले में भारतीय समय के हिसाब से रात 11 बजे शुरू होने वाले थे. ऐसे में भारतीय क्रिकेट फैंस को मैच देखने के लिए देर रात तक अपनी नींद खराब करनी पड़ती. ऐसे में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने टी20 सीरीज की टाइमिंग में बदलाव कर दिया है, जिससे भारत में क्रिकेट फैंस मैच का लुत्फ उठा सकते हैं. जानें कब-कहां खेले जाएंगे मैच…
कितने बजे खेले जाएंगे मैच?
ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, पहले भारत बनाम इंग्लैंड टी20 सीरीज के मैच रात 11 बजे शुरू होने वाले थे. हालांकि अब मैच की टाइमिंग 1 घंटा पहले कर दिया गया है. इसका मतलब है कि अब यह मुकाबले रात 10 बजे से शुरू होंगे. इससे भारतीय फैंस आराम से भारत बनाम इंग्लैंड के मैचों का लुत्फ उठा सकेंगे. बता दें कि इंग्लैंड के घरेलू अंतरराष्ट्रीय मैचों के शुरू होने का समय ईसीबी, खेल स्थलों, विपक्षी टीमों के बोर्ड और घरेलू और विदेशी प्रसारकों – इस मामले में, स्काई स्पोर्ट्स (यूके) और सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (भारत) के बीच परामर्श के बाद तय किया जाता है.
- पहला टी20- रात 10 बजे (रिवरसाइड ग्राउंड, चेस्टर-ले-स्ट्रीट)
- दूसरा टी20- रात 7 बजे (ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर)
- तीसरा टी20- रात 10 बजे (ट्रेंट ब्रिज, नॉटिंघम)
- चौथा टी20- रात 10 बजे (काउंटी ग्राउंड, ब्रिस्टल)
- पांचवां टी20- रात 7 बजे (द रोज बाउल, साउथम्पटन)
अय्यर की कप्तानी में खेलेगी भारतीय टीम
बीसीसीआई ने स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनाया गया है. अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम इंग्लैंड दौर पर टी20 सीरीज खेलने के लिए जाएगी. इस सीरीज के लिए पहली बार 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भी टीम इंडिया की स्क्वाड में शामिल किया गया है. वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारत की टी20 टीम में अपनी जगह बनाई है. वह भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज हैं. उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
टी20 सीरीज के लिए भारत की स्क्वाड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी.