भारतीय चयनकर्ताओं ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए युवा ब्रिगेड पर भरोसा जताया है. टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज़ प्रभसिमरन सिंह, स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे, और तेज़ गेंदबाज़ अशोक शर्मा व यश ठाकुर को पहली बार टी20 टीम में शामिल किया गया है. इन चारों ही खिलाड़ियों ने डोमेस्टिक क्रिकेट और आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन करके राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बनाई है.
इन 4 नए खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
अशोक शर्मा: 24 साल के तेज़ गेंदबाज़ अशोक शर्मा पिछले घरेलू सीजन में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेकर सुर्खियों में आए थे. उनकी सबसे बड़ी ताकत 150 किमी/घंटा से अधिक की रफ्तार से गेंद फेंकना है, जो उन्हें भारत के चुनिंदा तेज़ गेंदबाजों की कतार में खड़ा करती है. आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटन्स का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने 6 मैचों में 6 विकेट लिए. कुल मिलाकर उन्होंने 16 टी20 मैचों में 28 विकेट अपने नाम किए हैं.
यश ठाकुर: विदर्भ के तेज़ गेंदबाज़ यश ठाकुर भी भारतीय टीम के नए पेस अटैक का अहम हिस्सा हैं. घरेलू क्रिकेट और इंडिया-ए के लिए सीमित ओवरों के प्रारूप में उन्होंने लगातार दमदार प्रदर्शन किया है. 27 वर्षीय यश ने अब तक 74 टी20 मैचों में 110 विकेट झटके हैं. आईपीएल में भी उनका रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है, जहां उन्होंने 22 मैचों में 27 विकेट हासिल किए हैं.
प्रभसिमरन सिंह: पंजाब किंग्स के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज़ प्रभसिमरन सिंह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से लगातार प्रभावित करते रहे हैं. वे इससे पहले इंडिया-ए टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं. टॉप ऑर्डर के इस बल्लेबाज़ को भविष्य में एक बेहतरीन बैकअप विकेटकीपर के तौर पर देखा जा रहा है. प्रभसिमरन ने 129 टी20 मैचों में 151.50 के स्ट्राइक रेट से 3,665 रन बनाए हैं. वहीं, आईपीएल के 65 मुकाबलों में उनके नाम 156 के स्ट्राइक रेट से 1,815 रन दर्ज हैं.
हर्ष दुबे: 23 साल के स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे ने जून 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. उन्होंने दो मैचों में 4 विकेट हासिल कर अपनी उपयोगिता साबित की थी. हर्ष निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी करने के साथ-साथ अपनी लेफ्ट-आर्म स्पिन से विकेट निकालने में माहिर हैं. उन्होंने 38 टी20 मैचों में 7.57 की इकोनॉमी से 34 विकेट चटकाए हैं, जबकि आईपीएल के 11 मैचों में 13 विकेट अपने नाम किए हैं.
किसे मिलेगा डेब्यू का मौका?
23 जुलाई को हरारे में खेले जाने वाले पहले टी20 मैच से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि टीम प्रबंधन इन चारों में से किस पर भरोसा जताता है. प्रभसिमरन के आने से विकेटकीपिंग में एक अतिरिक्त विकल्प मिलता है, जबकि हर्ष दुबे ऑलराउंडर के रूप में टीम को संतुलन देते हैं. दूसरी ओर, अशोक शर्मा और यश ठाकुर तेज़ गेंदबाजी को एक नई धार दे सकते हैं. टीम संयोजन के आधार पर इनमें से एक या अधिक खिलाड़ियों को अपनी पहली टी20 कैप मिल सकती है.
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर).