2
भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने हाल में ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था. वह अब आईपीएल में खेलते भी नहीं नजर आएंगे. रहाणे ने एक इंटरव्यू में यह खुलासा किया है कि उनके संन्यास के बाद किस किस क्रिकेटर ने क्या रिएक्शन दिया था. रहाणे ने बताया कि विराट कोहली और रोहित शर्मा ने मुझे मैसेज किया था. जबकि सचिन तेंदुलकर ने उन्हें कॉल किया था.
रहाणे ने कहा,” मुझे पहला कॉल सचिन पाजी ने किया था. उन्होंने मुझसे कहा कि मुझे लंबे समय तक खेलना चाहिए था. लेकिन मैंने उन्हें बोला कि मैं ज्यादा समय नहीं देना चाहता था, इसलिए मैंने बिना किसी पछतावे के संन्यास का ऐलान किया.” इरफान पठान ने भी कॉल किया था, विराट कोहली, रोहित शर्मा और बुमराह सभी ने मुझे कॉल किया था. मैंने सभी को यही लाइन कही. मैंने यही कहा कि मैं खुश हूं क्योंकि क्रिकेट को मैंने बहुत कुछ दिया.
धोनी-सहवाग सपोर्टिव थे
रहाणे ने कहा, “जब मैं 2011 में इंडियन टीम में आया, तो मैंने पहले पांच-छह महीने सीनियर्स को देखते हुए बिताए. सचिन पाजी, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण भाई, धोनी और वीरेंद्र सहवाग सभी बहुत सपोर्टिव थे. उस समय, सिर्फ़ प्लेइंग XI को ही नेट्स में काफ़ी समय मिलता था. बाहर के खिलाड़ी नेट्स में ज़्यादा बैटिंग नहीं करते थे. लेकिन मैंने उन्हें देखकर जो सीखा, उसे खेलना शुरू करने पर मैंने इस्तेमाल किया.”
कई खिलाड़ी साथ खेल चुके थे
रहाणे ने आगे कहा, “जैसे-जैसे सीनियर्स बाहर होते गए, माहौल बदल गया. क्योंकि हममें से कई लोग पहले भी साथ खेल चुके थे, इसलिए दोस्ती और साथ अलग था. हमारी सोच अलग थी. हमें लगता था कि एग्रेसिव क्रिकेट खेलने से हम ज़्यादा मैच जीत सकते हैं. फिर, जब नई पीढ़ी आई, तो हम एक वेलकमिंग ड्रेसिंग रूम बनाना चाहते थे, परफॉर्मेंस की तारीफ करना चाहते थे और ईगो या जलन के लिए कोई जगह नहीं छोड़ना चाहते थे.”