Asian Games 2026: एशियाई खेलों के मैदान पर उतरने से पहले भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को एक अलग तरह की चुनौती का सामना करना पड़ा है. टीम के खिलाड़ी रविवार तड़के जापान के लिए रवाना होने की तैयारी में थे लेकिन उससे पहले उन्हें अपनी सही साइज़ की किट का इंतजार करना पड़ा. PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, खिलाड़ियों की जर्सी को लेकर BCCI और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) के किट सप्लायर JSW इंस्पायर के बीच बातचीत हुई.
बता दें कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम 28 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों में हिस्सा लेगी. हालांकि इससे पहले 22 सितंबर को जापान के खिलाफ होने वाले एकमात्र T20I मुकाबले में खिलाड़ी अपनी नियमित किट में नजर आएंगे.
जर्सी और किट की परेशानी
दरअसल, एशियाई खेलों के लिए भारतीय खिलाड़ियों को दो अलग-अलग तरह की जर्सी की जरूरत है. एक जर्सी जापान के खिलाफ होने वाले द्विपक्षीय मुकाबले के लिए होगी. वहीं दूसरी आधिकारिक एशियन गेम्स जर्सी होगी. IOA के एक सूत्र ने PTI को बताया कि खिलाड़ियों की किट के साइज़ को लेकर कुछ दिक्कतें सामने आई थीं लेकिन उनमें से ज्यादातर को सुलझा लिया गया है. कुछ किट अभी भी बाकी थीं, जिन्हें जल्द टीम तक पहुंचाने की बात कही गई है.
होटल इंतजाम में भी गड़बड़झाला
मामला सिर्फ जर्सी तक सीमित नहीं रहा. नागोया में टीम के ठहरने की व्यवस्था भी BCCI के लिए चुनौती बन गई. दूसरे भारतीय एथलीटों को रहने की जगह में चेक-इन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा था. ऐसे में BCCI ने पुरुष क्रिकेट टीम के लिए अपने स्तर पर होटल का इंतजाम करने का फैसला किया. IOA की ओर से उपलब्ध कराए गए कमरों को लेकर भी एक समस्या सामने आई. कहा जा रहा है कि कमरों में खिलाड़ियों के बड़े किट बैग रखने तक के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी. साथ ही, नागोया में क्रिकेट की सुविधाओं और खेलने के मैदान को लेकर भी सवाल उठे हैं.
महिला क्रिकेट टीम को नहीं हुई परेशानी
दिलचस्प बात यह है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की रहने की व्यवस्था को लेकर ऐसी कोई परेशानी सामने नहीं आई. महिला टीम IOA की ओर से उपलब्ध कराए गए स्थान पर ही ठहरी है. इस बार एशियाई खेलों के लिए कोई पारंपरिक ‘गेम्स विलेज’ नहीं बनाया गया है. आयोजकों ने खिलाड़ियों के ठहरने के लिए क्रूज़ शिप, कंटेनर और होटलों का इस्तेमाल किया है.