Bihar Crime News: बिहार के आरा में शनिवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया. नवादा थाना क्षेत्र के गोढ़ना रोड पर मंदिर के पास पुल के समीप हथियारबंद बदमाशों ने 36 वर्षीय हार्डवेयर कारोबारी उपेंद्र कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उनके सिर पर बेहद करीब से गोली चलाई और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए. इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे उपेंद्र
मिली जानकारी के मुताबिक, उपेंद्र कुमार सिंह शनिवार सुबह पटना जिले के पालीगंज स्थित अपने ससुराल से आरा लौटे थे. इसके बाद वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने गए. बच्चों को स्कूल पहुंचाने के बाद वह वापस घर की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान गोढ़ना रोड पर मंदिर के पास पुल के समीप बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया. अचानक हुए इस हमले में उपेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर पहुंचे. घायल उपेंद्र को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. अस्पताल पहुंचने के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
आरा में हार्डवेयर की दुकान और मकान
उपेंद्र कुमार सिंह संदेश थाना क्षेत्र के बड़िहां गांव के रहने वाले थे और गोढ़ना में रहते थे.जानकारी के अनुसार, नवादा थाना क्षेत्र के न्यू बहिरो में उनकी अपनी जमीन पर हार्डवेयर की दुकान और मकान भी है. वे आर्मी रिटायर्ड स्वर्गीय बैजू सिंह के पुत्र थे.
ये भी पढ़ें: Delhi Murder: रिश्ते शर्मसार! चाचा ने भतीजे को उतारा मौत के घाट, हैरान कर देगा मामला