Aurangabad News: बिहार के औरंगाबाद जिले से एक दुखद घटना सामने आई है. यहां के कुटुंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुही गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत हो गई. इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतक की पहचान सुही गांव निवासी गुप्ता पासवान के पुत्र पीयूष कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पीयूष सुबह गांव के अन्य बच्चों के साथ घर के पास खेल रहा था. खेलते-खेलते वह पास के खेत की ओर चला गया, जहां पहले से टूटकर गिरा एलटी बिजली तार पड़ा हुआ था. इसी दौरान वह अनजाने में तार की चपेट में आ गया.
जिला अस्पताल में डॉक्टर ने की मौत की पुष्टि
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. बांस के सहारे बच्चे को करंट से अलग किया गया और तत्काल इलाज के लिए रेफर अस्पताल कुटुंबा ले जाया गया. हालांकि, वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पीयूष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
ग्रामीणों ने जर्जर तार बदवाने की मांग की
ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि यदि जर्जर और टूटे बिजली तारों की समय पर मरम्मत की गई होती, तो यह हादसा टाला जा सकता था. ग्रामीणों ने क्षेत्र के सभी जर्जर बिजली तारों को तत्काल बदलने और मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
(Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.)