Bihar Crime: बिहार के खगड़िया जिले में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर दौर बगीचे में लूटपाट का विरोध करने पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. वहीं, उसके पति को लाठी से पीटकर घायल कर दिया गया. वारदात के दौरान बदमाश कथित तौर पर दंपति को करीब एक किलोमीटर तक घसीटकर सुनसान इलाके में ले गए.
पति को पीटते देख पत्नी ने लगाई रहम की गुहार
मृतका की पहचान 30 वर्षीय रजीना खातून के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले उसके पति मोहम्मद अरशद को लाठी से पीटना शुरू किया. पति को बचाने के लिए रजीना खातून बदमाशों से उसे छोड़ने की मिन्नतें करने लगी. आरोप है कि महिला की गुहार के बाद बदमाशों ने उसके पति को तो छोड़ दिया, लेकिन रजीना पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत किया घोषित
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल रजीना खातून को इलाज के लिए गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, महिला के पति मोहम्मद अरशद को भी चोटें आई हैं.
बेटे को खोजने निकला था दंपति
मोहम्मद अरशद ने बताया कि उनका बेटा शनिवार देर शाम मेला देखने के लिए घर से निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा. इसके बाद पति-पत्नी साइकिल से बेटे को खोजने के लिए निकले थे. इसी दौरान रास्ते में तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर लूटपाट की कोशिश की.दंपति ने जब इसका विरोध किया तो बदमाश उन्हें करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए सुनसान जगह पर ले गए. इसके बाद पति के साथ मारपीट की गई और पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
गोगरी के SDPO ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक लूटपाट का विरोध करने पर यह वारदात हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.फिलहाल तीनों नकाबपोश बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला है. पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों से जानकारी जुटा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा.