Delhi Liquor Shops closed: दिल्ली में शराब खरीदने वालों के लिए जरूरी खबर है. दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने 9 और 10 अक्टूबर को शराब की सभी दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है. इस दौरान सरकारी और निजी, दोनों तरह की शराब की दुकानें बंद रहेंगी. दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट और मौजूदा हालात को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है.
9 और 10 अक्टूबर को नहीं मिलेगी शराब
आबकारी विभाग के आदेश के मुताबिक, दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को L6, L6FG, L8, L10 और L14 समेत संबंधित लाइसेंस वाली सभी खुदरा शराब की दुकानें बंद रहेंगी. यानी इन दो दिनों में लोग शराब की दुकानों से खरीदारी नहीं कर सकेंगे. विभाग ने यह कदम सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उठाया है. राजधानी में प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सतर्क हैं. ऐसे में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है.
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान
दिल्ली में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष की ओर से विरोध-प्रदर्शन किए जा रहे हैं. इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. CJP की ओर से अभिजीत दीपके ने कहा था कि अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, तो 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा. इस घोषणा के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
दिल्ली में 20 हजार से ज्यादा जवान तैनात
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली भर में 20 हजार से ज्यादा पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस लगातार हालात पर नजर रख रही है. अधिकारी ने बताया कि जंतर-मंतर पर किसी भी विरोध-प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत सभा में शामिल होने से बचें.
ये भी पढ़ें: कन्फर्म, RAC या वेटिंग टिकट कौन तय करता है? रेलवे के इस सिस्टम का ऐसे चलता है पूरा खेल
कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
दिल्ली में शराब की दुकानों को बंद रखने का फैसला सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर लिया गया है. प्रशासन का उद्देश्य राजधानी में शांति बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचना है. ऐसे में 9 और 10 अक्टूबर को शराब खरीदने की योजना बना रहे लोगों को ध्यान रखना होगा कि इन दोनों दिनों में दुकानें बंद रहेंगी.