Odisha Crime News: ओडिशा के ढेंकानाल जिले के भापुर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है. इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है. एक स्थानीय महिला के साथ कथित तौर पर पहले रेप किया गया और फिर उसकी जान लेने की कोशिश की गई. मिली जानकारी के मुताबिक, महिला रोजाना की तरह सापुआ नदी में नहाने गई थी. इसी दौरान रास्ते में आरोपी ने उसे रोक लिया. आरोप है कि उसके साथ जबरन रेप किया गया, जिसके बाद उस पर बेहद क्रूर हमला किया गया.
हमले के दौरान आरोपी ने महिला का गला काटने की कोशिश की और उसके चेहरे को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. आशंका है कि आरोपी ने उसकी पहचान छिपाने और उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया.
चरवाहे ने खून से लथपथ हालत में देखा
घटना के बाद महिला काफी देर तक गंभीर हालत में वहीं पड़ी रही. जब वह घर नहीं लौटी, तो परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की. काफी तलाश के बाद एक स्थानीय चरवाहे ने उसे खून से लथपथ हालत में देखा और तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी.
इस घटना ने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. गंभीर हालत होने के बावजूद समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी. ऐसे में गांव वालों को मजबूरी में उसे हाथ से खींची जाने वाली ट्रॉली के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ा.
पीड़िता की हालत बेहद नाजुक
बाद में हालत बिगड़ने पर महिला को कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है.
फिलहाल पीड़िता बयान देने की स्थिति में नहीं है. पुलिस ने शिकायत मिलते ही एक नामजद आरोपी के साथ दो अन्य लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता का बयान दर्ज होने के बाद मामले की पूरी तस्वीर सामने आएगी. अभी जांच प्रारंभिक चरण में है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, साथ ही ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की कमी पर भी सवाल उठा रहे हैं.
यदि समय पर उचित इलाज और एंबुलेंस की सुविधा मिल जाती, तो शायद महिला की हालत इतनी गंभीर नहीं होती. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ जारी है.