Haryana Weather Update: सावन के पहले सोमवार को हरियाणा के कई जिलों में हुई बारिश ने उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत दी. अब मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 4 से 6 अगस्त के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं. कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की भी संभावना जताई गई है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून ट्रफ उत्तर की ओर खिसक रही है. इसके साथ ही उत्तर-पूर्व राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के कारण बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं हरियाणा तक पहुंचेंगी. इसी वजह से 4, 5 और 6 अगस्त के दौरान प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है.
इन जिलों में ज्यादा असर दिखेगा
4 अगस्त को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में अच्छी बारिश के आसार हैं. वहीं 5 अगस्त को हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, रोहतक, जींद, कैथल, पानीपत समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 6 अगस्त को भी अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान है.
7 और 8 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक 7 और 8 अगस्त को बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है. गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. दिन के तापमान में हल्की गिरावट रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, जबकि रात का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है.
9 और 10 अगस्त का पूर्वानुमान
9 अगस्त को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश जारी रह सकती है, हालांकि इसकी तीव्रता पहले की तुलना में कम रहेगी. 10 अगस्त को अधिकांश जिलों में आंशिक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. मौसम सामान्य बना रहेगा.