3
Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में कई जिलों में भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है. इससे कई इलाकों में भूस्खलन से सड़कों, बिजली व पेयजल आपूर्ति पर असर पड़ा है. कई जिलों में सोमवार शाम 6:00 बजे तक 106 सड़कें बंद रहीं.
इसके अतिरिक्त भारी बारिश की वजह से कई स्थानों पर बिजली भी गुल है. राज्य में अभी तक तेज बारिश की वजह से लगभग 157 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है और 257 लोग घायल हुए हैं.
ब्यास नदी का बढ़ा जलस्तर
ब्यास नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने या पंडोह डैम से अत्यधिक पानी छोड़े जाने की स्थिति में आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ से प्रभावित होने की आशंका है. संभावित प्रभावित लोगों को अब सीधे अलर्ट करने की व्यवस्था की जाएगी. आईआईटी रुड़की के आईसीईडी सेंटर की मदद से पंडोह डैम से देहरा तक 135 किलोमीटर क्षेत्र के लिए इमरजेंसी एक्शन प्लान तैयार कर रहा है. इसमें नदी किनारे रहने वाले लोगों और उनकी संपत्तियों को खतरे के स्तर के आधार पर चिह्नित किया जाएगा. नए प्लान में संभावित प्रभावित लोगों के मोबाइल नंबरों का डाटा भी तैयार किया जाएगा. इससे जरूरत पड़ने पर प्रशासन को सूचना देने के साथ संबंधित लोगों को व्यक्तिगत तौर पर संदेश भेजकर भी अलर्ट किया जा सकेगा.
कई जिलों के लिए अलर्ट जारी
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार रात 1:00 बजे से 11 अगस्त सुबह तक बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, चंबा, शिमला और ऊना जिलों में एक-दो जगहों पर भारी से लेकर बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग के अनुसार 10 से 16 अगस्त को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं 10 और 11 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट है. जबकि 14, 15 और 16 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का येलो अलर्ट है. इसके अलावा मंगलवार को कांगड़ा, मंडी व सिरमाैर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.